ग्वालियर : स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने किया ध्वजारोहण

ग्वालियर। जिले में गौरवशाली भारतवर्ष का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से मनाया जा रहा है। जिले का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह कम्पू स्थित एसएएफ मैदान पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि श्री तोमर ने प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण किया और संयुक्त परेड की सलामी ली। इस मौके पर कलेक्टर रुचिका चौहान और एसएसपी धर्मवीर सिंह उनके साथ मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रातः 9:25 से 9:55 बजे संदेश वाचन किया गया, जिसका सीधा प्रसारण एसएएफ ग्वालियर में आयोजित जिले के मुख्य समारोह में भी किया गया। इसके बाद ग्वालियर के समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने ग्वालियर जिले के संक्षिप्त संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर छात्र छात्राओं ने मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी, पुलिस बैंड ने मनोहारी धुन बजाई। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान भी किया गया।