सागर : बेरोजगारों के नाम पर फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों का लेन-देन करने वाली गैंग का पर्दाफाश, 2 गिरफ्तार
सागर। सायबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सागर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बेरोजगार लोगों के नाम से फर्जी फर्म बनाकर म्यूल बैंक खाते खुलवाने और करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में अब तक 16 से अधिक फर्जी फर्मों का पता चला है और प्रारंभिक जांच में 5.50 करोड़ रुपये से अधिक का ट्रांजेक्शन सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, नरेंद्र सोलंकी और नगर पुलिस अधीक्षक ललित कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना मकरोनिया पुलिस ने यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि गिरोह बेरोजगार और जरूरतमंद लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके दस्तावेज ले लेता था। उन्हीं दस्तावेजों से फर्जी फर्में बनाकर निजी बैंकों में करंट अकाउंट खुलवाए जाते थे, जिन्हें बाद में ऑनलाइन गेमिंग और बैटिंग से आई अवैध राशि को इधर-उधर करने के लिए म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल किया जाता था।
यह मामला तब सामने आया जब फरियादी रोहित पटेल ने 13 अगस्त 2026 को शिकायत की कि उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर "ग्लैमर इंटरप्राइजेस" के नाम से फर्जी फर्म बनाई गई और फेडरल बैंक मकरोनिया में खाता खोला गया। खाते की जांच में पता चला कि फरवरी 2026 से अब तक लगभग 90 लाख रुपये का लेन-देन हो चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम बनाकर तकनीकी और वित्तीय विश्लेषण किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी धर्मेन्द्र नाहर और सोनू दांगी ने बताया कि उन्होंने यह तरीका भोपाल निवासी अमित विश्वकर्मा से सीखा था। इसके बाद उन्होंने सरमन उर्फ शुभम रैकवार, विपिन गिरी और स्वर्णेन्द्र पांडे के साथ मिलकर बेरोजगार लोगों को फंसाकर फर्जी फर्में बनाईं। अब तक "भूपेन्द्र इंटरप्राइजेस", "सूर्या इंटरप्राइजेस", "समृद्धि टूर एंड ट्रेवल्स", "कार्तिक इलेक्ट्रॉनिक्स", "स्टार इंटरप्राइजेस" सहित 16 फर्मों के नाम सामने आए हैं।
पुलिस अब इन फर्मों के पंजीयन और बैंक खाते खुलवाने की प्रक्रिया में शामिल अन्य लोगों और संस्थाओं की भी जांच कर रही है। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत मिली तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कमीशन के लालच में किसी को अपना बैंक खाता, एटीएम, चेकबुक, ओटीपी या दस्तावेज न दें। किसी अन्य के कहने पर अपने नाम से फर्म या खाता खुलवाकर उसे चलाने देना कानूनी रूप से खतरनाक हो सकता है, क्योंकि ऐसे खातों का इस्तेमाल सायबर ठगी में होने पर खाताधारक भी जांच के दायरे में आ सकता है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक नितिन पाल, उनि. शशिकांत गुर्जर, रामअवतार धाकड़, राकेश राजपूत, मनीषा तिवारी सहित मकरोनिया और बहेरिया थाने की टीम की सराहनीय भूमिका रही।