स्वतंत्रता दिवस पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने प्रदेशवासियों को दीं शुभकामनाएं

भोपाल /ग्वालियर। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके संघर्ष से हमें आजादी मिली। यह अवसर हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने की प्रेरणा देता है। मंत्री श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश भी तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। प्रदेश के विकास में ऊर्जा की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार का प्रयास है कि हर घर, खेत और उद्योग को पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध हो। श्री तोमर ने कहा कि बिजली के क्षेत्र में निरंतर सुधार और अधोसंरचना के विस्तार के साथ प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में और अधिक सक्षम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि ऊर्जा का सदुपयोग करें और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।