ग्वालियर : चीनोर बस स्टैंड पर दुकानदार पिता -पुत्र पर लाठी - डंडों से हमला, 9 पर केस दर्ज, 4 आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर। दुकान के सामने गाड़ी पार्किंग से मना किया तो ग्वालियर में लाठी - डंडों से लैस होकर आए हमलावरों ने बीच बाजार दुकानदार और उसके बेटे को बेरहमी से पीटा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर अपलोड किया। वायरल वीडियो पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए ना सिर्फ हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया, बल्कि आधा दर्जन से ज्यादा बदमाशों में से 4 आरोपियों को भी तेजतर्रार कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना गुरुवार शाम चीनोर थाना अंतर्गत छीमक बस स्टैंड की है। यहां अतेंद्र रावत की इलेक्ट्रिकल की दुकान है। बताया गया है कि एक शख्स अपना दो पहिया वाहन दुकान के सामने खड़ा कर रहा था। इस दौरान अतेंद्र के साथ उनका बेटा मोहित भी था। वाहन चालक को अतेंद्र की आपत्ति नागवार गुजरी। उसने मोबाइल से कॉल करके अपने आधा दर्जन से ज्यादा लाठी -डंडों से लैस साथियों को बुला लिया। इसके बाद बीच बाजार अतेंद्र और उसके बेटे की बीच बाजार बेरहमी से पिटाई की गई। हालांकि अतेंद्र ने आपना बचाव करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका। इस घटना में दुकानदार पिता - पुत्र घायल हो गए हैं। वहीं इस घटना का किसी ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वायरल वीडियो संज्ञान में आते ही पुलिस ने फरियादी दुकानदार को थाने बुलाया। चीनोर थाना इंचार्ज शैलेंद्र सिंह गुर्जर के अनुसार, घटना की तस्दीक होते ही दुकानदार की शिकायत पर 5 आरोपियों को नामजद और 4 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इतना ही पुलिस ने तेजतर्रार कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।