ग्वालियर : इंद्रा नगर में वसूली के लिए पहुंचे बिजली कर्मी को बदमाश ने बंधक बनाकर कुत्तों से कटवाया, केस दर्ज
ग्वालियर । प्रदेश के ऊर्जा मंत्री की विधानसभा क्षेत्र में वसूली करने जाना एक आउटसोर्स बिजली कर्मी को महंगा पड़ गया। यहां एक बदमाश ने बिजली कर्मी का ना सिर्फ घर में बंधक बनाकर पीटा, बल्कि विदेशी नस्ल के पालतू कुत्तों से भी कटवाया। पीड़ित का दावा है कि ऊर्जा मंत्री की मुंहबोली बहन ने उसे बचाया है। घटना में बिजली कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसके शरीर पर कुत्तों के काटने के डेढ़ दर्जन से ज्यादा घाव हैं। आरोपी क्षेत्र का शातिर बदमाश बताया जा रहा है। वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और फरियादी ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हजीरा थाना अंतर्गत शताब्दीपुरम इलाके में रहने वाला रविन्द्र सिंह राजावत बिजली कर्मचारी है और लघेड़ी जोन पर पदस्थ है। लघेड़ी जोन ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में स्थित एक बिजली कार्यालय है। गुरुवार को बिजली बिल वसूली के लिए हजीरा थाना अंतर्गत इंद्रानगर इलाके में अपने एक सहकर्मी के साथ पहुंचा था। यहां जब स्पॉट मशीन पर ग्राहकों का डाटा चेक कर रहा था तभी स्कूटी पर सवार होकर वीरू तोमर नामक क्षेत्रीय बदमाश आ धमका। बदमाश ने रविन्द्र का परिचय लिया और गुंडई करते हुए गाली गलौंच व मारपीट शुरू कर दी। सहकर्मी आदित्य भदौरिया ने बचाने की कोशिश की, तो उसके हाथ से स्पॉट बिलिंग मशीन छीनकर सड़क पर पटक दी। जिससे मशीन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बदमाश वीरू, रविन्द्र को जबरन अपने घर ले गया। आदित्य ने रविन्द्र को बचाने की कोशिश की वीरू ने उस पर कुत्ते छोड़ दिए, जिसके डर से आदित्य जान बचाकर भाग निकला। इसके बाद वीरू ने रविन्द्र को एक कमरे में बंद कर दिया और उस पर विदेशी नस्ल के खूंखार कुत्ते छोड़ दिए। जो रविन्द्र पर टूट पड़े। हमलावर कुत्ते पिटबुल, जर्मन शेफर्ड और रोड बिलर प्रजाति के बताए गए हैं। जिनके काटने से रविन्द्र के शरीर पर डेढ़ दर्जन से ज्यादा घाव हो गए हैं। इंद्रा नगर में हंगामा होने के चलते भीड़ जुट गई। पीड़ित रविन्द्र का दावा है कि इस दौरान ऊर्जा मंत्री की मुंहबोली बहन आ गईं। जिन्हें स्थानीय लोग बुआ जी के नाम से संबोधित करते हैं। जिनके हस्तक्षेप से उसकी जान बच सकी। इतना ही नहीं बदमाश वीरू ने बंदूक दिखाकर इंद्रा नगर इलाके में बिजली कर्मियों को नहीं घुसने की धमकी दी है। इस बीच रविन्द्र के साथी आदित्य ने विभाग के अधिकारियों और अपने अन्य साथियों को सूचना दे दी। इसके बाद रविन्द्र के साथी घटनास्थल पहुंच गए, जहां से बुरी तरह से घायल हालत रविन्द्र को लेकर थाने पहुंचे। यहां घायल बिजली कर्मी ने अपनी आपबीती पुलिस को सुनाई। इसके बाद पुलिस ने घायल रविन्द्र का मेडिकल कराया है और आरोपी वीरू तोमर के विरुद्ध बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी क्षेत्रीय बदमाश बताया गया है। उधर फरियादी रविन्द्र सिंह राजावत शुक्रवार को अपने सहकर्मियों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा था, जहां उसने थाने के बाहर वीरू तोमर द्वारा धमकाने का आरोप लगाया है। फरियादी ने आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
(सोर्स, बाइट - रविन्द्र सिंह राजावत, घायल आउटसोर्स बिजली कर्मचारी
बाइट - नागेंद्र सिंह सिकरवार सीएसपी हजीरा थाना सर्किल ग्वालियर)