ग्वालियर : भितरवार गढ़ी रियासत के राजा हनुमंत सिंह कुशवाह ने गोली मारकर की खुदकुशी, आत्मघाती कदम उठाने के लिए बीमारी से ग्रसित होना बताया जा रहा है मुख्य वजह

ग्वालियर। भितरवार गढ़ी रियासत के एक बुजुर्ग वंशज ने घर में खुद को गोली मारकर जीवन लीला समाप्त कर ली। प्रारंभिक पड़ताल में खुदकुशी की वजह बीमारी के चलते शरीर से लाचार होना बताया जा रहा है। वहीं पुलिस को मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लिहाजा पुलिस मामले की बारीकी से विवेचना कर रही है। माधोगंज थाना अंतर्गत गुढ़ी गुढ़ा का नाका स्थित एकतापुरी इलाके में भितरवार गढ़ी रियासत के 68 वर्षीय राजा हनुमंत सिंह कुशवाह का घर है। हनुमंत सिंह के वंशज स्टेट समय में राजा हुआ करते थे और आज भी उनकी भितरवार में काफी जमीन है। यही वजह है कि लोग उन्हें राजा कहकर संबोधित किया करते थे। हनुमंत सिंह के दो बेटे हैं। एक बेटा मुंबई में रहता है, जबकि दूसरा बेटा उनके साथ ग्वालियर में निवासरत है। पता चला है कि हनुमंत सिंह कुछ समय से बीमार चल रहे थे और चलने फिरने में लाचार थे। गुरुवार सुबह समीप सो रहीं उनकी पत्नी ने गोली चलने की आवाज सुनी। इसके चलते उनकी नींद खुल गई। उन्होंने देखा कि हनुमंत सिंह खून से लथपथ होकर बिस्तर पर पड़े थे और पास ही उनकी लाइसेंसी रायफल पड़ी थी। परिवार अन्य लोग भी गोली की आवाज सुनकर बेडरूम में आ गए थे। लेकिन तब तक हनुमंत सिंह ने बिस्तर पर ही दम तोड़ दिया था। घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पड़ताल के दौरान पुलिस को हनुमंत सिंह के शव के पास से उनकी लाइसेंसी रायफल मिली। लेकिन पूरा कमरे की छानबीन के बाद भी कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा था। ऐसे में पुलिस ने शव और रायफल की कब्जे में ले लिया। परिजनों से पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि हनुमंत सिंह अपनी बीमारी के आगे हार मान चुके थे और अब जीना नहीं चाहते थे। संभवतः यही वजह है कि उन्होंने गोली मारकर खुदकुशी कर ली। फिलहाल, पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है और मर्ग कायम करके मामले की बारीकी से विवेचना शुरू कर दी है। (सोर्स, बाइट- राजू सिंह, विवेचना अधिकारी माधोगंज थाना ग्वालियर)