ग्वालियर : आसमान से टपकी गोली महिला के सिर से टकराते हुए जमीन पर गिरी, घटना में महिला हुई घायल, 100 मीटर दूर झगड़े में हुई थी फायरिंग, दो आरोपियों पर केस दर्ज

ग्वालियर। गोला का मंदिर क्षेत्र में पड़ोसी महिलाओं से बात कर रही एक महिला के सिर पर आसमान से गोली टपकने का मामला सामने आया है। घटना में महिला घायल हो गई है। हालांकि घायल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। घायल महिला के परिजनों का आरोप है कि घटना स्थल से लगभग 100 मीटर दूर चचेरे भाईयों के आपसी विवाद में हुई फायरिंग का महिला शिकार हुई है। वहीं घायल महिला के ससुर की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के विरुद्द केस दर्ज करके मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। दरअसल गोला का मंदिर थाना अंतर्गत आदर्श नगर स्थित प्रीतम बिहार कॉलोनी में रहने वाली श्रीमती रेणु भदौरिया 10 अगस्त यानी सोमवार शाम अपनी पड़ोसी महिलाओं से जब बात कर रही थीं, तभी अचानक सिर पकड़कर लड़खड़ाते हुए सड़क पर गिर गईं। इस दौरान उनके सिर से खून बह रहा था। रेणु को परिजनों ने घायलावस्था में तत्काल इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर्स से पता चला कि रेणु के सिर को गोली छूते हुए निकल गई, जिसके चलते घायल हो गईं हैं। इसके बाद रेनू के परिजनों ने घटना स्थल पर पहुंचकर समीप लगा सीसीटीवी कैमरा खंगाला तो रेणु सिर पकड़कर सड़क पर गिरते हुए तो देखी जा रहीं थीं, लेकिन गिरने की स्पष्ट वजह पता नहीं चल पा रही थी। इसके बाद घायल के परिजनों ने पड़ोसियों से पूछताछ की तो पता चला कि कॉलोनी की पिछली लाइन में, जो लगभग 100 मीटर दूर है, चचेरे भाई संतोष माहौर, अमन माहौर और सतीश माहौर का अपने पड़ोसी अभिषेक माहौर से विवाद हो रहा था। इस दौरान अभिषेक ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर 315 की बंदूक से सतीश और उसके भाइयों पर फायरिंग कर दी थी। दोनों पक्षों सतीश और अभिषेक के बीच विवाद की वजह पिकनिक मनाने के दौरान दोपहर में चचेरे भाईयों का पड़ोसी अभिषेक पर एक कमेंट करना बताया गया है, जो ज्यादा खाना खाने और पचाने को लेकर किया गया था। इसी बात को लेकर शाम को दोबारा दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। इतना पता चलते ही रेनू के ससुर राजेश भदौरिया ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम बुला लिया। घटना स्थल पर साक्ष्य जुटाने के दौरान फोरेंसिक टीम को एक बुलेट भी मिली है। जिसके बाद पुलिस ने राजेश भदौरिया की शिकायत पर अभिषेक माहौर और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ बीएनएस की धारा 110 व 3/5 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल घायल रेणु की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही तथ्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दे रही है। (सोर्स, बाइट - संदीप बांगरे, सीएसपी गोले का मंदिर सर्किल, ग्वालियर)