ग्वालियर - पॉश इलाके की गार्डन होम्स मल्टी के फ्लैट में भड़की आग, स्थानीय लोगों में मची अफरातफरी, काफी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू, कोई जनहानि नहीं
ग्वालियर। शहर के पॉश इलाके अल्कापुरी की एक मल्टी के फ्लैट में अचानक आग भड़क जाने से अफरातफरी मच गई। घटना के दौरान फ्लैट बंद था और मालिक बाजार गए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन के अधिकारी और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में फ्लैट में रखा कुछ सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही आग घरेलू सिलेंडरों तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़े हादसे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था।
यूनिवर्सिटी थाना अंतर्गत अल्कापुरी इलाका शहर का पॉश इलाका माना जाता है। बुधवार शाम यहां गार्डन होम्स नामक मल्टी के फेज नंबर 3 की चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 429 से अचानक आग की लपटें उठने लगी। फ्लैट किन्हीं कालरा परिवार का बताया गया है। फ्लैट की खिड़की से आग की लपटें उठतीं देख रहवासियों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान फ्लैट बंद था और फ्लैट मालिक बाजार गए हुए थे। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से पहले दमकल अमले को दी। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। बंद फ्लैट में आग भड़कने चलते धुंआ भर गया था। ऐसे में दमकल अमले को आग को काबू करने के लिए फ्लैट का ताला तोड़ा गया और आग पर पानी फेंका गया। तब जाकर कहीं काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद दमकल अमले के कर्मचारी फ्लैट में घुसे तो एक स्टोर में समान का साथ दो भरे हुए सिलेंडर और आग बुझाने में इस्तेमाल किए जाने वाले दो सिलेंडर रखे हुए थे, जिन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया गया। आग पर नियंत्रण पाने के बाद मल्टी के रहवासियों ने राहत की सांस ली। प्रारंभिक रूप से इस अग्निकांड की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि आग भड़कने के पुष्ट कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस अग्निकांड में फ्लैट में रखा कुछ सामान जलकर खाक हो गया। लेकिन कोई जनहानि की सूचना नहीं है। वहीं स्थानीय लोगों ने मल्टी प्रबंधन पर आपात स्थिति से निपटने के लिए तमाम बार आपत्ति जताने के बाबजूद कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। फिलहाल आग लगने के पुष्ट कारणों का पता लगाया जा रहा है।
(सोर्स, बाइट-अतुल सिंह एसडीएम ग्वालियर)