राहुल गांधी का अमित शाह पर पलटवार, कहा -पहले बताओ, छात्रों पर गोली और कीलों वाली लाठी चलाने का आदेश किसने दिया था ?

दिल्ली /ग्वालियर। नेता विपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर पलटवार किया है। उनका कहना है कि पहले ये बताओ कि छात्रों पर गोली और कीलों वाली लाठियां चलाने का आदेश किसने दिया था ? संसद के मानसून सत्र का अंतिम दिन गुरुवार को है। विपक्ष केंद्रीय गृह मंत्री से जानना चाहता है कि दिल्ली के जंतर मंतर पर छात्रों पर हुई बर्बरता का आदेश किसने दिया था। अभी तक विपक्ष को जवाब नहीं मिला है। ऐसे हर रोज संसद में हंगामा हो रहा है और संसद का कामकाज ठप्प है। बुधवार को संसद परिसर में अमित शाह ने न्यूज एजेंसियो के प्रतिनिधियों के माध्यम से विपक्षी नेताओं को प्रस्ताव दिया है कि सदन में चर्चा करने का वे दिन और समय तय कर लें। वे उनके सवालों का जवाब देंगे। इसी के बाद नेता विपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर पलटवार करते हुए कहा है कि हमें उनके लेक्चर में दिलचस्पी नहीं है। वो जवाब दें। राहुल गांधी ने सरकार से पूछा कि छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया और कीलों वाली लाठियों से छात्रों को पीटने का निर्देश किसने दिया। राहुल गांधी ने कहा अगर छात्रों पर गोली चलाने का आदेश गृह मंत्री अमित शाह ने दिया था तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने गृह मंत्री पर संसद में नहीं आने का आरोप लगाते हुए कहा कि अमित शाह को सदन में आकर इन सवालों का जवाब देना चाहिए।