ग्वालियर : बीएड में एडमिशन के लिए मार्क शीट से छेड़छाड़, उच्च शिक्षा विभाग ने बनाई तीन सदस्यीय जांच समिति, सभी 11 आवेदकों के एडमिशन निरस्त

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में मार्कशीट से छेड़छाड़ करके बीएड में एडमिशन लेने के फर्जीवाड़े का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्वालियर के एक प्राइवेट कॉलेज के संचालक की शिकायत के बाद उच्च शिक्षा विभाग हरकत में आया और प्रारंभिक जांच के बाद उन 11 आवेदकों के एडमिशन निरस्त कर दिए गए हैं, जिनकी मार्कशीट कूट रचित पाई गई हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है। प्रदेश भर के बीएड कॉलेजों में सत्र 2026 -27 के लिए ऑन लाइन काउंसलिंग के माध्यम से एडमिशन की प्रक्रिया लगभग पूर्ण हो चुकी है। लेकिन ग्वालियर में बड़ागांव स्थित प्रेस्टन कॉलेज के संचालक प्रबोध त्रिपाठी की एक शिकायत से उच्च शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। उन्होंने एडमिशन के लिए मिले दस्तावेजों में विशेषकर मार्कशीट कूट रचित पाए जाने की शिकायत की है। उनका आरोप है कि मेरिट में स्थान पाने के लिए AI की मदद से मार्कशीट बनाई गई हैं और उस मार्कशीट के परसेंटेज के साथ छेड़छाड़ की गई है। हालांकि प्रेस्टन कॉलेज के संचालक ने शासन की बीएड में एडमिशन के लिए अपनाई जा रही प्रक्रिया को पारदर्शी बताया है। उनका कहना है कि काउंसलिंग के दौरान अनियमितताएं बरती गई हैं। वहीं शिकायत मिलने के बाद आनन फानन में उच्च शिक्षा विभाग ने एक तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है और टीम जांच के लिए मंगलवार को प्रेस्टन कॉलेज भी पहुंची थी। टीम को कॉलेज प्रबंधन ने संदिग्ध दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं। सूत्रों के अनुसार 11 आवेदकों के दस्तावेज जांच समिति को सौंपे गए हैं। इनमें 10 एससी और 1 एसटी आवेदक शामिल है। खास बात ये है कि एक आवेदक ने संलग्न दस्तावेजों के साथ किसी दूसरे छात्र की मार्कशीट संलग्न कर दी है। लिहाजा प्रथम दृष्टया अनियमितता मिलने पर टीम ने सभी 11 आवेदकों के दस्तावेज कब्जे में ले लिए गए। साथ ही दस्तावेजों का सत्यापन कराने के लिए जीवाजी विश्वविद्यालय भेजे जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा विभाग ग्वालियर डॉ के रत्नम ने बीएड में एडमिशन के दौरान संलग्न दस्तावेजों के कूट रचित होने से जुड़ी शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उनका कहना है कि शिकायत मिलने के बाद विभाग ने तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई है, जिसकी फाइनल रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि सरकार जीरो टॉलरेंस की पॉलिसी के साथ काम कर रही है। डॉ के रत्नम ने काउंसलिंग के दौरान अनियमितताएं बरते जाने की आशंका से इंकार नहीं किया है। उनका कहना है कि एडमिशन प्रक्रिया में संलग्न दस्तावेजों की जांच हो जाने के बाद फायनल रिपोर्ट के आधार पर जरूरत पड़ने पर विभाग से अनुमति लेकर वृहद स्तर पर आवेदकों से प्राप्त दस्तावेजों की जांच कराई जा सकती है। फिलहाल जांच जारी है और प्रारंभिक जांच के बाद प्रेस्टन कॉलेज के सभी 11 एडमिशन निरस्त कर दिए गए हैं। ऐसे में अगर प्रदेश स्तर पर बीएड एडमिशन प्रक्रिया के तहत संलग्न दस्तावेजों की आगामी जांच कराई जाती है तो इस मामले में और भी कई बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं। (सोर्स, बाइट - प्रबोध त्रिपाठी, संचालक, प्रेस्टन कॉलेज ग्वालियर बाइट - डॉ के रत्नम अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा विभाग ग्वालियर)