अमित शाह के मुंह से एक शब्द नहीं निकला और मोदी जी माफी मांगने की जगह क्षमा बाँट रहे - राहुल गांधी

प्रयागराज/ ग्वालियर। लोकसभा के LOP राहुल गांधी ने एक्स पर एक मैसेज के माध्यम से गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। उन्होंने दिल्ली के जंतर मंतर पर छात्र आंदोलन में हुई बर्बरता को लेकर लिखा है कि तेरह दिन हो गए हैं, लेकिन गृह मंत्री अमित शाह के मुंह से एक शब्द नहीं निकला और मोदी जी माफी मांगने की जगह क्षमा बाँट रहे हैं। बता दें कि बीते रोज यानी शुक्रवार को यूपी के प्रयागराज में आयोजित छात्रों के गूंज कार्यक्रम में राहुल गांधी ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित छात्रों के साथ दर्द, डेटा और दौलत विषय पर सारगर्भित चर्चा की। इस मौके पर राहुल गांधी ने पीड़ित छात्रों को मंच पर बुलाया। उनकी समस्याओं को सुना, सुझावों को जाना और उनके द्वारा बेहतर भविष्य के लिए किए जा रहे प्रयासों की दिल खोलकर सराहना की। इस कार्यक्रम को लेकर राहुल गांधी ने रविवार सुबह एक्स मैसेंजर पर एक मैसेज पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने अक्षरशः लिखा है कि "अब मेरे पास कोई रास्ता नहीं बचा” - कल प्रयागराज में एक छात्र ने मुझसे यही कहा। सालों की तैयारी, घर की ज़मीन बेची, माँ-बाप का कर्ज़ और फिर भी हाथ में कुछ नहीं। यह हार उसकी नहीं है। यह उस व्यवस्था की हार है जिसने उसकी मेहनत का दाम देने से इनकार कर दिया। तेरह दिन हो गए - गृह मंत्री अमित शाह के मुंह से एक शब्द नहीं निकला। मोदी जी माफी मांगने की जगह क्षमा बाँट रहे हैं। @AmitShah जी, यह मत समझिए कि हम जवाबदेही मांगना बंद कर देंगे। राजधानी की सड़कों पर बच्चों पर लाठियां और पैलेट चले - और आपने एक शब्द नहीं कहा। आज नहीं तो कल, इस जुर्म का जवाब आपको देना ही पड़ेगा। छात्र देश की रोशनी हैं, और मैं उनकी पूरी शक्ति के साथ खड़ा हूं।