शाबास बच्चियों : ग्वालियर में छात्राओं से मोबाइल छीनकर भागा बाईक सवार बदमाश, स्कूटी से पीछा करके दोनों बहादुर छात्राओं ने पकड़ा, SSP ने किया सम्मानित
ग्वालियर। शहर के फूलबाग परिक्षेत्र में मोबाइल छीनकर भाग रहे एक बाइक सवार को दो बहादुर छात्राओं ने ना सिर्फ स्कूटी से पीछा करके पकड़ा, बल्कि बीच सड़क पर उसकी जमकर क्लास ली और बाद में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों छात्राएं हैं आपस में सगी बहनें और लॉ की छात्राएं हैं। वहीं घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी ने दोनों छात्राओं को दफ्तर बुलाया और प्रशस्ति पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया।
उपनगर मुरार के सीपी कॉलोनी में रहने वाली आशिता अग्रवाल और राशिता अग्रवाल आपस में बहनें हैं। दोनों माधव विधि कॉलेज की छात्राएं हैं। शनिवार सुबह करीबन आठ बजे स्कूटी से पर सवार होकर कॉलेज जा रही थीं। फूलबाग चौराहे से पहले एक बाइक सवार ने अचानक पीछे से आकर एक छात्रा से मोबाइल छीना और भाग निकला। दोनों छात्राओं ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने चोर का पीछा किया और फूलबाग स्थित मानस भवन के पास उसे पकड़ लिया। आरोपी बाईक सवार दोनों बहादुर छात्राओं को कमजोर समझ रहा था, उसने उन्हें हड़काकर भागने की कोशिश की, लेकिन छात्राओं ने स्कूटी से बाइक को टक्कर मारकर जमीन पर गिरा दिया। बाईक को टक्कर मारने के दौरान दोनों छात्राएं भी सड़क पर गिर गईं थीं। दोनों ने फुर्ती में जमीन से उठकर आरोपी को पकड़ लिया और सड़क पर ही जमकर क्लास ली। इस दौरान हाथ जोड़कर खड़ा रहा और लगातार माफी मांगता रहा। इस बीच छात्राओं ने अपने दोस्तों और एफआरव्ही को कॉल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को कब्जे में ले लिया। इससे पहले जब छात्राएं आरोपी की क्लास ले रहीं थीं तभी किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वायरल वीडियो एसएसपी धर्मवीर सिंह तक पहुंचा। एसएसपी ने शाम को उन्हें अपने दफ्तर बुलाया, उनकी हौंसला अफजाई की और उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं आरोपी का नाम मनप्रीत बताया गया है जो पंजाब का रहने वाला है और ग्वालियर काम की तलाश में आया था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध झपटमारी की धाराओं में केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
(सोर्स, बाइट- अशिता अग्रवाल, बहादुर छात्रा
बाइट- शैलेंद्र भार्गव, थाना प्रभारी, पड़ाव थाना, ग्वालियर)