ग्वालियर : भोजपुरी फिल्म बनाने और मोटा मुनाफा दिलाने के नाम पर मुंबई के एक डायरेक्टर पर ठगी के आरोप में FIR

ग्वालियर। भोजपुरी फिल्म रामबाबू - श्यामबाबू बनाने के नाम पर ग्वालियर के एक व्यवसाई के साथ मुंबई के एक डायरेक्टर ने 12 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी करने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। कार्रवाई कोर्ट के आदेश के बाद की गई है। आरोपी ने लखनऊ में शूटिंग करने और मोटा मुनाफा दिलाने का पीड़ित व्यवसाई को झांसा देकर उससे रकम ट्रांसफर करा ली थी। लेकिन तीन साल बीतने के बाद भी ना तो अभी तक फिल्म बनी है और ना ही पीड़ित व्यवसाई की रकम लौटाई गई है। झांसी रोड थाना क्षेत्र के विजया नगर एक्सटेंशन में शहर के व्यवसाई ओमप्रकाश कुकरेजा हैं। ओमप्रकाश की 20 फरवरी 2020 को मुंबई के बोरीवली वेस्ट स्थित अग्रता आर्ट्स के प्रोपराइटर मुरली लालवानी से मुलाकात हुई थी। आरोपी ने उन्हें 'रामबाबू-श्यामबाबू' नाम की भोजपुरी फिल्म में निवेश करने का बड़ा लालच दिया था। इसके बाद कोरोना संक्रमण के कारण करीब दो से ढाई साल तक फिल्म का काम आगे नहीं बढ़ सका।सितंबर 2023 में आरोपी ने दोबारा फिल्म शुरू करने का भरोसा दिया था। 22 सितंबर 2023 को स्टाम्प पेपर पर एग्रीमेंट किया गया था और कारोबारी से 20 स्टाम्प पेपर व मेट्रो प्रोडक्शन के 50 लेटरहेड लिए गए थे। इसके बाद लखनऊ में शूटिंग शुरू करने का झांसा देकर 16 अगस्त से 18 अक्टूबर 2023 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 12.90 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए गए थे। पीड़ित व्यवसाई ने जब फिल्म की शूटिंग से जुड़ी जानकारी मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। जब पीड़ित ने अपने रुपए वापस मांगे तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डालकर बदनाम भी किया। पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी थी। लेकिन पुलिस में सुनवाई नहीं होने पर कारोबारी ने कोर्ट की शरण ले ली थी। अब कोर्ट के निर्देश पर झांसी रोड थाना पुलिस ने आरोपी डायरेक्टर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई थी, उनकी जांच की जा रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। (सोर्स, बाईट - रोबिन जैन, डीएसपी, हेडक्वार्टर, ग्वालियर)