इंदौर : पूर्व कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी गिरफ्तार, फर्जी शस्त्र लाइसेंस का हुआ खुलासा, पुलिस नेटवर्क पता लगाने में जुटी

एंकर - इंदौर पुलिस ने 27 से अधिक गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। फरार कुख्यात बदमाश का नाम अनवर कादरी उर्फ डकैत बताया गया है और उसे सदर बाजार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से जारी फर्जी शस्त्र लाइसेंस के आधार पर लाइसेंसी बंदूक हासिल की थी। पुलिस अब इस फर्जी लाइसेंस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। महानगर के सदर बाजार थाना पुलिस ने कुख्यात अपराधी अनवर कादरी उर्फ डकैत को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ इंदौर के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, बलवा, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों सहित 27 से अधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पूर्व में राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस के अनुसार फरवरी 2025 में अनवर कादरी ने जावेद खान के घर में जबरन घुसकर लाइसेंसी बंदूक के साथ मारपीट की थी और उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। मामले की जांच के दौरान पता चला कि जिस शस्त्र लाइसेंस के आधार पर उसने हथियार प्राप्त किया था, वह जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से जारी फर्जी लाइसेंस था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के साथ-साथ धोखाधड़ी और कूटरचना की धाराओं में भी मामला दर्ज किया था। वहीं पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस किस माध्यम से बनाए गए, इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसके तार कहां तक जुड़े हुए हैं। इस मामले में हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।