ग्वालियर : आधा दर्जन कार सवारों ने किया कांवड़ यात्रियों पर लाठी -डंडों और सरिए से हमला, अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज
ग्वालियर। शहर में गाजे बाजे के साथ हरिद्वार के लिए रवाना हो रहे कांवड़ यात्रियों को एक अर्टिगा कार ने टक्कर मार दी। गुस्साए कांवड़ियों ने जब कार को रोककर चालक ने अपनी नाराजगी जताई तो कार में बैठे आधा दर्जन से ज्यादा बदमाशों ने लाठी -डंडों और सरियों से कांवड यात्रियों पर हमला कर दिया। इस घटना में चार कांवड़ यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से एक यात्री के गंभीर चोट आई है। कार सवार आरोपी समुदाय विशेष के लोग बताए जा रहे हैं। घटना की खबर लगते ही हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोग घटना स्थल पर पहुंच गए और चक्काजाम कर दिया। हंगामा करने वालों की मांग थी कि आरोपियों के विरुद्ध एनएसए के तहत कार्रवाई की जाए। वहीं काफी मशक्कत के बाद पुलिस के अधिकारी हंगामा करने वाले लोगों का गुस्सा शांत करा सके। तब जाकर कहीं कार सवार अज्ञात लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया और हालात सामान्य हो सके।
बीती रात ग्वालियर थाना अंतर्गत जगनापुरा स्थित मेवाती मोहल्ले के स्थानीय भोले भक्त कांवड़ यात्रा लेकर गाजे बाजे के साथ हरिद्वार जा रहे थे। तभी एक अर्टिगा कार ने तेज गति से लापरवाहीपूर्वक कांवड़ यात्रियों को टक्कर मार दी। गुस्साए कांवड़ यात्रियों ने कार को रोककर चालक के समक्ष अपनी नाराजगी जताई। इस पर कार में बैठे लोग आगबबूला हो गए और लाठी, डंडों व सरिए से कांवड़ यात्रियों पर जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से भगदड़ मच गई। इलाके में तनाव का माहौल हो गया। घटना में चार कांवड़ यात्री घायल हो गए, इनमें से एक यात्री के सिर में गंभीर चोट आई है। इससे पहले कार में सवार होकर हमलावर मौके से भाग निकले। स्थानीय लोगों के अनुसार कार सवार बदमाश समुदाय विशेष के लोग थे। घटना की खबर शहर में आग की तरह फैली और कुछ ही देर में हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। इसके बाद गुस्साए कांवड़ यात्री और हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता बहोड़ापुर थाने पहुंच गए। यहां गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया और थाने के सामने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और पांच थानों का पुलिस बल बहोड़ापुर थाने पहुंच गया। प्रारंभिक पड़ताल के बाद पता चला कि मामला ग्वालियर थाना क्षेत्र की हद में आता है, वहीं वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। इसके बाद हंगामा करने वाले लोग ग्वालियर थाने पहुंच गए और जमकर नारेबाजी करने लगे। नाराज लोग आरोपियों के विरुद्ध NSA के तहत कार्रवाई किए जाने की मांग पर अड़े थे। पुलिस की मुश्किल थी कि NSA की कार्रवाई करने का अधिकार कलेक्टर या डीएम को है। काफी समझाइश के बाद पुलिस अधिकारी नाराज लोगों को तकनीकी मजबूरी समझा सके। इसके बाद कहीं जाकर नाराज लोग शांत हुए और पुलिस ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस ने कार सवार अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और उनकी शिनाख्ति के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
(सोर्स, बाइट - महेंद्र यादव, कांवड़ यात्री के परिजन
बाइट - सुझावल जग्गा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर)