ग्वालियर : दिनदहाड़े स्कूटर सवार पर लाठी -डंडों से हमला, तीनों आरोपियों पर केस दर्ज
ग्वालियर। सोशल मीडिया पर ग्वालियर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में लाठी -डंडों से लैस तीन बदमाश एक स्कूटर सवार को बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। जब युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर जाता है, उसके बाद हमलावर मौके से फरार हो जाते हैं। मामला का पुलिस ने संज्ञान लिया है। वायरल वीडियो की पुष्टि करने के बाद तीनों हमलावरों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।
दरअसल 4 अगस्त की दोपहर गोल पहाड़िया निवासी राकेश जाटव अपनी स्कूटर पर सवार होकर जनकगंज थाना अंतर्गत जागृति नगर में गोयल वाटिका के सामने से गुजर रहा था। तभी एक बाईक पर सवार होकर पड़ोसी डोरेंस मौर्य, मयंक जाटव व एक अन्य आ जाते हैं। राकेश से गाली गलौंच करते हुए उस पर लाठी डंडे बरसाना शुरू कर देते हैं। बताया गया है कि तीनों हमलावर राकेश के पड़ोसी हैं। लेनदेन को लेकर राकेश का उनसे पुराना विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते वह राकेश पर तब तक हमला करते हैं, जब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर नहीं गिर जाता है। इसके बाद तीनों हमलावर बाईक पर सवार होकर मौके से भाग जाते हैं। इसके बाद घायलावस्था में राकेश ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल राकेश को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अब उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। वहीं घटना के दौरान तेज बारिश हो रही थी। क्षेत्र में बिजली गुल होने के चलते लोग घरों से बाहर बैठे थे। इन्हीं लोगों में से किसी ने राकेश पर हुए हमले का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिला है और घटना की पुष्टि होते ही पुलिस ने घायल राकेश जाटव की शिकायत पर तीनों आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। साथ ही उनकी तलाश भी शुरू कर दी है।
(सोर्स, बाइट - रॉबिन जैन, डीएसपी हेडक्वार्टर, ग्वालियर)