इंदौर : जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी के खिलाफ एक और शिकायत, राजेंद्र नगर पुलिस करेगी जांच

इंदौर। महानगर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। नाना पटवारी के खिलाफ एक और शिकायत पुलिस के पास पहुंची है। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस जल्द ही नाना पटवारी से पूछताछ करेगी। फरियादी का आरोप है कि उसने एक प्लॉट खरीदने के लिए 11 लाख रुपये का भुगतान किया था। आरोप के मुताबिक, रकम लेने के बावजूद नाना पटवारी और अन्य संबंधित लोगों ने न तो प्लॉट की रजिस्ट्री कराई और न ही कब्जा दिया। काफी समय तक इंतजार और संपर्क के बाद भी समाधान नहीं निकलने पर विवाद बढ़ गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब फरियादी ने अपने पैसे वापस मांगे तो उसे डराया - धमकाया गया। बाद में कथित तौर पर समझौते के तहत फरियादी को 20 लाख रुपये वापस लौटा दिए गए। इसके बावजूद फरियादी ने पूरे घटनाक्रम की शिकायत राजेंद्र नगर पुलिस से करते हुए मामले में वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत प्राप्त होने के बाद प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। मामले से जुड़े दस्तावेजों और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच के तहत नाना पटवारी को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा, जिसके बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि नाना पटवारी से जुड़े दो अन्य मामलों की जांच भी पहले से पुलिस के स्तर पर जारी है। ऐसे में नई शिकायत सामने आने के बाद पुलिस सभी मामलों के तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (सोर्स, बाइट - नरेंद्र रावत, डीसीपी, इंदौर)