उज्जैन : बाबा महाकाल निकले नगर भ्रमण को, राजा के रूप में दिए नगरवासियों को दर्शन, मन महेश स्वरूप के दर्शन कर प्रजा ने लिया आशीर्वाद

उज्जैन। श्रावन मास के प्रथम सोमवार को आज उज्जैन में बाबा महाकाल की भव्य सवारी निकाली गई। भगवान महाकाल राजसी ठाठ बाट के साथ नगर भ्रमण पर निकले। बाबा की एक झलक पाने के लिए लोगों का हुजूम सड़कों पर उमड़ पड़ा। महाकालेश्वर मंदिर से शाम 4 बजे प्रारंभ हुई बाबा की सवारी नगर के प्रमुख मार्गो से होती हुई शिप्रा नदी पहुची। जहां रामघाट पर बाबा महाकाल का जलाभिषेक किया गया। इसके उपरांत बाबा की सवारी पुनः महाकाल मंदिर के लिए रवाना हुई। मान्यता है कि भगवान महाकाल सवारी के रूप में अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए उज्जैन नगर भ्रमण पर निकलते हैं। वहीं अपने राजा की एक झलक पाने के लिए प्रजा के रूप में नागरिक घंटों सड़क किनारे खड़े होकर उनका इंतजार करती हैं। इसी तारतम्य में शाम को पूजन के बाद राजा महाकाल को चाँदी की पालकी में बैठाकर मंदिर से बाहर लाया गया। मंदिर से निकलते ही पुलिस बैंड औऱ उपस्थित जवानों ने बाबा की सवारी को गार्ड आफ ऑनर दिया। इस पावन अवसर पर सवारी के आगे घोड़ा, बेंड, पुलिस की टुकड़ी तथा भजन मंडलियां चल रही थी। इस मौके पर गाजे बाजे के साथ निकली सवारी ने लगभग आठ किलोमीटर का सफर तय किया। बाबा महाकाल की सवारी में मुख्यमंत्री की मंशा अनुसार आदिवासी कलाकारों द्वारा आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। यहां बता दें कि सवारी परंपरागत मार्ग महाकाल चौराहा, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाडी से होती हुई रामघाट पहुंची । जहॉ माँ क्षिप्रा नदी के जल से भगवान का अभिषेक और पूजा - अर्चना की गई। इसके बाद सवारी रामानुजकोट, मोढ की धर्मशाला, कार्तिक चौक खाती का मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी बाजार से होती हुई पुन: श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंची। श्री महाकालेश्वर भगवान की सवारी का सजीव प्रसारण मंदिर प्रबंध समिति के फेसबुक पर व सवारी के दौरान चलित रथ में एल.ई.डी. के माध्यम से दर्शनार्थियों के लिए किया जा रहा था। चलित रथ की खास बात यह थी कि इसमें लाइव बॉक्स रखा गया, जिससे लाइव प्रसारण किया जा रहा था। (सोर्स, बाइट- आकाश पुजारी, पंडित महाकाल मन्दिर, उज्जैन)