नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने की राहुल गांधी से मुलाकात, मध्य प्रदेश व्याप्त समस्याओं की दी जानकारी
हैदराबाद। भारत जोड़ो यात्रा ने आज 56 दिन पूरे कर लिए हैं। मध्यप्रदेश में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने आज हैदराबाद में इस यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार के कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार सहित सरकार की अनैतिक गतिविधियों से उन्हें अवगत कराया।
राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान डॉ गोविंद सिंह ने उन्हें बताया कि मध्यप्रदेश में महिलाएं और बेटियां असुरक्षित हैं और प्रदेश की कानून व्यवस्था चरमरा गई है। नेता प्रतिपक्ष ने राहुल गांधी को बताया कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति बेहद खराब है और सरकार हर महीने कर्ज ले रही है। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उनसे मध्यप्रदेश में किसानों की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। नेता प्रतिपक्ष डॉ सिंह ने कहा कि प्रदेश के किसान कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं, इसी के चलते लगातार आत्महत्याएं कर रहे हैं।
आगे उन्होंने राहुल गांधी को प्रदेश में आईं प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों की फसलें चौपट होने की भी जानकारी दी। साथ ही अभी तक कोई कोई मुआवजा नहीं मिला है इससे भी अवगत कराया। वहीं कीटनाशक और खाद की किल्लत से किसानों को दो-चार होना पड़ रहा है। डॉ गोविंद सिंह के आग्रह पर राहुल गांधी ने उन्हें भारत जोड़ो यात्रा के बाद मध्यप्रदेश में आने की सहमति भी दी है। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने यात्रा शुरू होने से पहले ध्वजारोहण किया। इस मौके पर यात्रा के संयोजक दिग्विजय सिंह सहित पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता जयराम रमेश, मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेता आलोक यादव, विधायक पीसी शर्मा, संजय शुक्ला, मध्य प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह भी मौजूद रहे।