कमल पर गाज, अभय को वरदान ..

ग्वालियर। आखिरकार कमल दल ने आज बड़े बदलाव का ऐलान कर दिया। शहर के कमल पर गाज गिरी है और अभय को वरदान मिल गया है। हालांकि यह वरदान है या सोची समझी रणनीति के तहत किया गया फेरबदल, ये आने वाले वक्त में स्पष्ट हो जाएगा। हाल ही संपन्न नगर सरकार के चुनावों में कमल दल को मुंह की खाने को मिली थी। जिसके बाद कमल दल की खूब किरकिरी हुई थी। क्योंकि 52 साल से काबिज महापौरी एक झटके में हाथ ने छीन ली थी। तभी से माना जा रहा था कि किसी भी वक्त कमल पर गाज गिर सकती है। लेकिन उम्मीद नहीं थी कि फैसला सरप्राईज होगा और इतनी जल्दी हो जाएगा। ना कोई नाम चला और ना ही कोई रायशुमारी हुई, अचानक से जोर का झटका धीरे से दे दिया गया। वहीं हाल ही में शहर घूम गए कमल दल के सूबे के मुखिया कोई संकेत भी देकर नहीं गए थे। परन्तु आज देर शाम सरप्राईज खबर आ गई। कमल पर गाज गिर गई और अभय को वरदान दे दिया गया। वरदान पाने वाले नेताजी बॉस के करीबी हैं। जबकि बॉस आजकल शहर की राजनीति में इंट्रस्ट नहीं ले रहे हैं। जिस विवेक से कमल उपकृत हुए थे, अब लगभग उनका दामन छोड़ महाराज के बगल में जा बैठे हैं। वैसे भी बॉस की टीम से कमल की कभी नहीं बनी। ऐसे में मौका मिलते ही चौका लगा है, संगठन ने शक्ति दिखाते हुए कमल पर गाज गिरा दी और अभय को वरदान दे दिया है।