VIDEO: ज्वेलरी शोरूम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर ख़ाक, कोई जनहानि नहीं

ग्वालियर। ग्वालियर में एक ज्वेलर्स के शोरूम से अचानक आग की लपटें उठने से हड़कंप मच गया। घटना आज दोपहर महाराज बाड़ा परिक्षेत्र में स्थित सर्राफा बाज़ार की है। बताया गया है कि यहां राधा कृष्ण मार्केट में प्रथम तल पर एक ज्वेलरी शोरूम से अचानक आग की लपटें उठने से भगदड़ मच गई। आग इतनी तेजी से भड़की की कुछ ही देर में समूची दुकान को अपने चपेट में ले लिया। आसपास भी सर्राफा दुकानें हैं। आग अन्य दुकानों तक पहुंचती उससे पहले ही किसी ने दमकल अमले को सूचना दे दी। समय रहते दमकल अमले ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिए। तकरीबन डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अमला आग पर काबू पा सका। गनीमत रही कि इस आगजनी में कोई हताहत नहीं हुआ। अनुमान है कि इस घटना में लाखों रुपए का सामान जलकर ख़ाक हो गया है। आग की वजह शॉट सर्किट बताई जा है। फिलहाल आगजनी की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।