IITTM में आयोजित हुआ 'सायबर क्राइम अवेयरनेस' सेमिनार, उपस्थिजन को दी गई बचाव संबंधी जानकारी
ग्वालियर। जिला के पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी,भापुसे के निर्देश पर जिले में ‘‘सायबर काईम अवेयरनेस’’ प्रोग्राम चलाया जा रहा है। इसी प्रोग्राम के तहत आज ‘‘आईआईटीटीएम’’ में एक सेमीनार का आयोजन किया गया। आईआईटीटीएम ग्वालियर में आयोजित सेमीनार में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर-पूर्व/अपराध श्री राजेश डण्डोतिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जबकि आईआईटीटीएम संस्थान के निदेशक प्रोफेसर आलोक शर्मा, डॉ सौरभ दीक्षित एसोसिएट प्रोफेसर, डॉ चन्द्रशेखर बरूआ, के साथ संस्थान के सभी शिक्षक व संस्थान में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आईआईटीटीएम ग्वालियर में आयोजित सेमीनार के आरंभ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर-पूर्व/अपराध श्री राजेश दंडोतिया ने सेमीनार में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं कॉलेज स्टॉफ को सायबर अपराधों से जुड़ी विभिन्न केस स्टडीज के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होने वर्तमान समय में पुलिस के समक्ष आने वाली सायबर क्राईम संबंधी शिकायतों के नेचर से अवगत कराया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को सेक्सट्रॉर्सन एवं बिजली के बिल के माध्यम से किये जाने वाले फ्रॉड की विस्तृत जानकारी दी। आगे उन्होंने अपने व्याख्यान में कहा कि हम सभी को स्मार्ट फोन का उपयोग करते समय विशेष सावधानियां बरतनी चाहिये। हाल ही में सायबर अपराधियों द्वारा अपराध के नए तरीके इजाद किये गये है जिनमें वह लोगों को बिजली के बिल का भुगतान ऑनलाइन करने के लिये लिंक भेजते है और लिंक के जरिये आपके मोबाइल का एक्सेस लेकर आपके खाते को खाली कर देते है। इसलिये हमको हमेशा इस प्रकार के मैसेज से सचेत रहना चाहिये साथ ही अपने परिवारजनों को भी इन सभी बातों से अवगत कराना चाहिये, ताकि आप स्वंय व अपने परिवारजनों को सायबर अपराध का शिकार होने से बचा सके। इसक साथ ही उनको कहे कि वह अपने मोबाइल फोन का उपयोग बेहद सावधानीपूर्वक करें एवं अपनी निजी जानकारी किसी भी अंजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। आपकी सर्तकता ही आपका बचाव है। उनके द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों को वर्तमान परिवेश में तकनीकी के इस्तेमाल से हो रहे अपराधों की जानकारी भी दी गई। एएसपी क्राईम द्वारा सभी प्रतिभागियों को ग्वालियर पुलिस द्वारा चलाये जा रहे ‘‘सड़क सुरक्षा सप्ताह’’ की जानकारी देते हुए सभी को सड़क पर वाहन चलाते हुए यातायात नियमों का आवश्यक रूप से पालन किये जाने की समझाइश भी दी गई। इस सेमीनार में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर-पूर्व/अपराध के साथ प्रभारी सायबर सेल उपनिरीक्षक रजनी सिंह रघुवंशी, आरक्षक जैनेन्द्र गुर्जर भी उपस्थित रहे।