निगमायुक्त किशोर कन्याल ने किया अटल स्कूल और अटल म्यूजियम का निरीक्षण
ग्वालियर। भारतरत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की चतुर्थ पुण्यतिथि पर आज निगमायुक्त श्री किशोर कन्याल ने महाराज बाड़ा स्थित गोरखी परिसर में अटल जी की यादों को संजोये अटल म्यूजियम पर पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्पांजली अर्पित की। इस दौरान आईटी प्रभारी श्री नागेंद्र सक्सेना, सहायक यंत्री श्री अनिल सिंह चौहान, गोरखी स्कूल के प्रिंसिपल श्री अनिल कुमार पाठक, निर्माण एजेंसी के प्रमुख श्री संजय मित्तल सहित स्कूल के अध्यापक व अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। इस अवसर पर निगमायुक्त श्री किशोर कन्याल ने अटल म्यूजियम सहित अटल मेमोरियल स्कूल का निरीक्षण भी किया और अटल म्यूजियम को जल्द से जल्द आम लोगो के लिए खोलने के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। श्री कन्याल ने कहा कि इस स्कूल की ग्वालियर ही नही बल्कि पूरे मध्यप्रदेश में एक पहचान है और इस स्कूल के साथ अटल जी का नाम भी जुड़ा है जो इसे और खास बनाता है। श्री कन्याल ने स्कूल की साफ सफाई सहित स्कूल के रखरखाब के लिए स्कूल प्राचार्य को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। वही इस अवसर पर निगमायुक्त ने अटल म्यूजियम का भी मुआयना किया। इस मौके पर संबंधित अधिकारियों द्वारा अटल म्यूजियम के बारे में निगमायुक्त को विस्तार से जानकारी दी गई। श्री कन्याल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अटल म्यूजियम के लिए पर्यटन संस्थान से ट्रेंड गाइड रखे जाए ताकि सैलानियों को इस म्यूजियम के बारे में सही जानकारी मिल सके। श्री कन्याल ने अटल म्यूजियम के तहत बनाई गई विभिन्न गैलरियां जिसमे डार्क रुम, पोयटरी रुम, साइंस रुम व पेंटिंग रुम सहित अन्य गैलरियो का भी अवलोकन किया और म्यूजियम की सराहना की।