देवर्षि नारद जयंती पर पत्रकार सम्मान व विमर्श 15 को

ग्वालियर। तीनों लोक में भ्रमण कर जन कल्याणकारी समाचारों का संचार करने वाले आद्य पत्रकार देवर्षि नारद की जयंती के उपलक्ष्य में मामा माणिकचंद वाजपेयी स्मृति सेवा न्यास द्वारा पत्रकार सम्मान व विमर्श का आयोजन 15 मई को किया जाएगा। कार्यक्रम रविवार 15 मई को दोपहर 2 बजे से जीवाजी विश्वविद्यालय के गालव सभागार में आयोजित होगा। जिसमें वर्तमान वैचारिक षड्यंत्र और चुनौतियों में पत्रकारिता की भूमिका विषय पर वरिष्ठ लेखक, चिंतक व सेवानिवृत्त संचालक जनसंपर्क लाजपत आहूजा मुख्यवक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथि जीवाजी विवि के कुलसचिव सुशील मंडेरिया व अध्यक्षता मामा माणिकचंद वाजपेयी स्मृति सेवा न्यास के अध्यक्ष दीपक सचेती करेंगे। कार्यक्रम में पत्रकारिता के विविध आयामों पर आधारित आठ श्रेणियों में उत्कृष्ट व लोक कल्याणकारी पत्रकारिता में विशिष्ट स्थान रखने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा। जिन आठ श्रेणियों से पत्रकारों को सम्मानित किया जा रहा है, उनमें प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, डिजिटल न्यूज पोर्टल, छायाकार, वीडियो ग्राफर, नागरिक पत्रकार, महिला पत्रकार तथा विशेष श्रेणी में समाजसेवा को शामिल किया गया है।