’द कश्मीर फाइल्स’ देखने के लिए प्रदेश पुलिस कर्मियों को मिलेगी छुट्टी

भोपाल। मध्यप्रदेश सहित अब तक छह राज्यों में टैक्स फ्री हो चुकी फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' लगातार सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। वहीं मध्यप्रदेश के गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए हैं कि यदि कोई भी जवान अपने परिवार के साथ द कश्मीर फाइल्स देखना चाहता है तो उसे सुविधानुसार अवकाश प्रदान किया जाए। द कश्मीर फाइल्स बॉक्स ऑफिस पर भी लगातार सफलता पा रही है। विवेक अग्निहोत्री की यह फिल्म दर्शकों के दिल को छू रही है। जम्मू-कश्मीर में 1990 में कश्मीरी पंडितों के जीवन पर बनी इस फिल्म में कश्मीरी पंडितों की कहानी को दर्शाया गया है कि किस प्रकार उन्हें आतंवादियों के कारण अपना घर छोड कर कश्मीर से पलायन करना पड़ा। इस फिल्म में उन पर क्या जुल्म हुए इसका फिल्मांकन किया गया है। इस फिल्म में वरिष्ठ अभिनेता अनुपम खेर के अलावा मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, अमान इकबाल दर्शन कुमार, चिन्मय मंडेलकर, भाशा सुम्बली, मृणाल कुलकर्णी और प्रकाश बेलावाड़ी आदि कलाकारों ने शानदार अभिनय किया है। मध्यप्रदेश के गृह मंत्री के निर्देश के बाद अब प्रदेश के पुलिस कर्मियों को इस फिल्म को देखने के लिए अवकाश दिया जाएगा।