जिनके पास बुद्धि और शुद्धि, उनकी शरण में रहो - संत रमेशभाई
ग्वालियर। जिनमें पांडित्य ज्यादा नहीं हैं लेकिन जिनका चरित्र शुद्ध है, वे वैष्णव हैं। जिनमें बुुद्धि है, शुद्धि नहीं हैं, उन्हें भगवान की शरण मेें रहना चाहिए। जिनके पास बुद्धि और शुद्धि दोनों हैं, हमें उनकी शरण में रहना चाहिए, लेकिन जिनमें बुद्धि और शुद्धि कुछ भी नहीं हैं, उन पर दया करना चाहिए। यह विचार संत रमेशभाई ओझा ने फूलबाग सांईधाम में आयोजित की जा रही श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन व्यक्त किए।
सांई भक्त मंडल ट्रस्ट द्वारा भव्य पांडाल में आयोजित की जा रही कथा का श्रवण कराते हुए संत रमेशभाई ने आरती का जिक्र करते हुए कहा कि हम भगवान से भी सांसरिक सुख, धन और संपत्ति की मांग करते हैं, जबकि भगवान से सांसारिक मुक्ति की मांग करनी चाहिए। कोई धन के लिए, कोई रूप के लिए, कोई नाम के लिए पागल है, इसलिए इच्छाओं को काबू रखना चाहिए। इच्छा से वासना, वासना विक्रति बन जाती है, जो बालात्कार और अनाचार कराती है। सत्संग की बहुत ही सुंदर व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि अपने दोषों पर चिंतन करने का अवसर ही सत्संग है।
संत रमेशभाई ने कहा कि बिना प्रयोजन के कुछ नहीं होता है। यह कथा भी जगत कल्याण का प्रयोजन का उद्धेश्य लेकर आयोजित हो रही है। इतने बड़े आयोजनों में धन, समय और उर्जा लगती है। जैसे ग्वालियर में आप यदि कथा सुनने के प्रयोजन से आए हो तो कहीं भी घूमो, तीन बजे कथा पांडाल में आ जाओ। इसी तरह हम संसार मेें 70-80 साल के लिए किसी प्रयोजन के लिए आए हैं। संसार की आपाधापी से थोड़ी फुर्सत लेकर बैठो और कथामृत का आनंद लो। जो विचरे( गतिशील) नहीं और जो विचारे( चिंतन) नहीं, वो मनुष्य नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि कथा में बैठकर जीवन में विषय में बैठकर सोचे कि मैं इस संसार में किस लिए हूं। मेरे जीवन में क्या कमी है और क्यों है। इस पर विचार करें और सुधार लाए। आपकी उन्नति में बाधक कौन है। दर्पण में देखते हैं तो खुद का चेहरा नजर आता है, जो दर्पण में दिख रहा है, यही शत्रु है,जो प्रगति में बाधा डाल रहा है। दर्पण में मददगार देखो तो भी आपका ही चेहरा दिखता है जो आपकी मदद कर सकता है, इसलिए तुम ही तुम्हारे मित्र और तुम ही तुम्हारे शत्रु है। अब आप तय करो आपको क्या बनना है। जीवन में शांति है तो सुख है। शुद्धि, सुचिता और पवित्रता से शांति संभव है।
उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन आने के बाद बच्चों की स्मार्टनेस में गुणात्मक इजाफा हुआ है। एक दिन ऐसा आएगा कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के मनुष्य अधीन हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन में पत्नी और मोबाइल लेने के बाद हमेशा मन मेें रहता है कि 6 महीने बाद खरीदता तो और बढिया मॉडल मिलता। नया देखता है तो कहता है कि तुम पहले क्यों नहीं मिली, लेकिन भाव ये होना चाहिए कि जो मेरा है वो अच्छा है, जबकि भाव ये है कि जो अच्छा है वो मेरा है। ये रावण भाव है, इसलिए जीवन में शुद्धि बढ़ाओ, जिनका चरित्र शुद्ध हो, ऐसे संतों का संग करो। जिसका खुद का जीवन शुद्ध वो साधु है, जिसकी संगति में बैठने से मन की उहापोह समाप्त हो जाए, वो संत है। उन्होंने कहा कि संसार की आशक्ति न छूटे तो संतों की आशक्ति छूट जाएगी।
देशनाम भारत की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि भा मतलब सूूरज, यानि प्रकाश की आराधना में रत सूरज। ये भोग भूमि नहीं कर्मभूमि हैं। शरीर में जो स्थान ह्रदय का है, दुनिया में वो स्थान भारत का है। ईश्वर की सत्ता सर्वत्र है, लेकिन भारत ह्रदयरूपी राजधानी है।
भाषा को लेकर उन्होंने कहा कि मैं किसी भाषा का विरोधी नहीं हूं, लेकिन इस बात से खुश हूं कि नई शिक्षानीति में प्रारंभिक शिक्षा मातृभाषा में दी जाएगी और यह जरूरी भी है। राष्ट्रभाषा, मातृभाषा, आंग्लभाषा और देवभाषा संस्कृत। ये चार भाषा जरूर सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं दुुनियाभर में मेरी कथा होती हैं और मैं अपनी भाषा में ही बोलता हूं। खुशी इस बात की है नई पीढी भागवत के श्लोक शुद्ध उच्चारण के साथ पढ़ रही है, इसलिए हमें अपनी भारतीयता पर गौरव करना चाहिए। उन्होंने बताया कि विष्णु सत्व गुण के अधिष्ठाता हैं। ब्रह्मा सफेद और शंकर तमोगुण के अधिष्ठाता है।
उन्होंने स्त्री-पुरूष को एक दूसरे के पूरक बताते हुए कहा कि हर पुरूष में स्त्री के और हर स्त्री में पुरूष होता है। कोई स्त्री संपूर्ण स्त्री नहीं और कोई पूरूष संपूर्ण पूुरूष नहीं हैं। शरीर शिव का मंदिर है।
कोरोनाकाल में देश को संभालने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए रमेशभाई ने कहा कि थाली बजवाकर और दीपक जलवाकर उन्होंने ट्रायल किया कि देश की जनता पीएम के पीछे खड़ी है। कोरोना हिंदुस्तान में आया तो उसे भी ये समझ आ गया कि यहां की जनता विपत्ति को भी उत्सव बना लेती है। इस दौैरान उन्होंने पर्ची में लिखकर आई श्रोताओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
इस मौके पर गंगादास की शाला के महंत रामसेवक दास महाराज, अम्बाह के वृन्दावनधाम से आए मलूकपीठ वाराणसी से आए सतानंददास, रामेश्वर दास, विधायक कमलेश जाटव, साडा के पूर्व अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह, सांईभक्त मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष योगेश शुक्ला, कोषाध्यक्ष आनंद सावंत, अजय वसंल, संजय शर्मा, कमल शर्मा, ब्रजेश राजपूत सहित हजारों श्रोताओं ने कथा का आनंद उठाया।