रमेशभाई ओझा की कथा 9 मार्च से, अद्भुत होगा कृष्ण जन्मोत्सव
ग्वालियर। सांई भक्त मंडल ट्रस्ट द्वारा 9 से 16 मार्च तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन सांईधाम फूुलबाग में किया जा रहा है जिसके कथा व्यास अतंर्राष्ट्रीय कथा प्रवाचक संत रमेशभाई ओझा होंगे। 9 मार्च को भव्य कलश यात्रा के साथ कथा आरंभ होगी, जहां हर रोज लगभग 15 हजार लोग एक साथ बैठकर कथा श्रवण कर सकेंगे। यह जानकारी पूर्व मंत्री एवं कथा आयोजन के मुख्य मार्गदर्शक अनूप मिश्रा ने शनिवार को सांई मंदिर विकास नगर में आयोजित पत्रकारवार्ता में दी।
श्री मिश्रा ने बताया कि वैसे तो कथा का हर दिन खास होगा और श्रोताओं को वहां कथा श्रवण के दौरान कुछ न कुछ अद्भुत अनुभव जरूर होगा, लेकिन 11 मार्च को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, 13 मार्च को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, और 15 मार्च को रुकमणि विवाह का भव्य और अभूतपूर्व आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालु श्रोताओं के मानस पटल पर लंबे समय तक अंकित रहेगा। 14 मार्च को गोवर्धन पूजा होगी और 16 मार्च को पूर्ण आहूति के साथ कथा समापन होगा। वहीं कथा स्थल पर 11 मार्च रात्रि 8 बजे से आयोजित होने वाला कवि सम्मेलन भी खास होगा, क्योंकि इसमेें अंतर्राष्ट्रीय कवि प्रवीण शुक्ल, कीर्ति काले के साथ मैनपुरी के बलराम श्रीवास्तव, ओरछा के सुमित मिश्रा, नोएडा की प्रियंका राय प्रमुख आकर्षण होंगी।
कथा दोपहर 2.30 बजे से आरंभ होगी। इस दौरान किसी श्रोता को गर्मी की वजह से किसी तरह की असुविधा न हो इसके लिए कथा पांडाल मेें पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं। कूलर, पंखों के साथ पीने के पानी का इंतजाम रहेगा। हर रोज कथा के समापन पर 6 स्टॉलों पर प्रसाद वितरण होगा। इस अवसर पर सांई भक्त मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष योगेश शुक्ला, सचिव एसके साबरवाल, कोषाध्यक्ष आनंद सावंत, संजय शर्मा, पवन सेन सहित अनेक लोग मौजूद रहे।