गांधी को मानने वाले गोडसे की राह पर !
लगता है ग्वालियर के कुछ युवा कांग्रेसी गोडसे की राह पर चल रहे हैं। इन्होंने पुलिस सब इंस्पेक्टर दीपक गौतम को जिस तरीके से जलाया, उससे तो यही संदेश जा रहा है।
कपड़ा-घासनुमा वस्तु को पेटोल में भिगाकर पुलिस कर्मी पर फैंकना और यह आवाज आना कि इसे जला दो फांसीवादी तरीका है, किसी की जान लेने जैसा है। इसे राजनीतिक आंदोलन नहीं कहा जा सकता । इस घटना के कुछ देर पहले शहर के छोटे-बड़े कांग्रेसी फूलबाग में महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे बैठकर पुरानी हजीरा मण्डी दुकानें भाजपा प्रशासन द्वारा तोड़ने की कार्रवाई का गांधीवादी तरीके से विरोध कर रहे थे। गांधी को मानने वाले कांगे्रसी कुछ देर बाद गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे जैसा आचरण करने लगे। कांग्रेस संगठन को मनन करना चाहिए कि उसके युवा संगठन युवक कांग्रेस व एनएसएयूआई के कुछ युवा कार्यकर्ता क्यों हिसंक वारदातों में लिप्त हैं?
सब इंस्पेक्टर गौतम गंभीर हाल में अस्पताल में भर्ती हैं। वह अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। शासन की नीतियों के खिलाफ आंदोलन करना, पुतला दहन करना हर किसी का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन पेट्रोल भीगे पुतले को किसी पर फैंकना जन आंदोलन नहीं बल्कि जानलेवा अपराध है और यह दिखाता है कि हमारी राह में जो भी आएगा, हम उसकी जान लेने के लिए ऐसे ही षडयंत्र करेंगे।
महात्मा गांधी ने अपने जीवन काल में आजादी के आंदोलन में अंग्रेज शासन के खिलाफ अहिंसक तरीके अपनाए। जब-जब उन्हें लगा कि अंग्रेजों के खिलाफ हिंसक वारदातें हो रही हैं, उन्होंने न केवल आंदोलन स्थगित किए बल्कि प्रायश्चित भी किया।
अपने आप को महात्मा गांधी के मार्ग पर चलने का दावा करने वाली कांग्रेस को सब इंस्पेक्टर गौतम घटना पर प्रायश्चित करना चाहिए और दोषी युवा कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर निकाल देना चाहिए।
कल की घटना से आमजन में कांग्रेस के प्रति गलत संदेश गया है। हर कोई सब इंस्पेक्टर गौतम के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहा है। (लेखक- प्रदीप मांढरे, सम्पादक, ग्वालियर हलचल सांध्य दैनिक)
साभार : ग्वालियर हलचल सांध्य दैनिक