गया रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने दोबारा फूंकी ट्रेन की बोगियां

गया। RRB NTPC परिणाम के विरोध में छात्रों द्वारा किया जा रहा उग्र प्रदर्शन और हंगामा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। गया रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम उग्र छात्रों ने दोबारा तांडव मचाया। आक्रोशित छात्रों ने गया रेलवे स्टेशन के एक नंबर रेलवे गुमटी के समीप खड़ी ट्रेन की एक बोगी में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रेन की 2 अन्य बोगियां भी आग की चपेट आ गई। इसके चलते ट्रैन की कुल 3 बोगियों में आग धधक उठी। ट्रेन में आग लगाने की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग को बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे गया के एसएसपी आदित्य कुमार ने कहा कि दोपहर में छात्रों द्वारा 2 ट्रेन की बोगियों में आग लगाई गई थी। इसके बाद स्थिति पूरी तरह से नियंत्रित थी। लेकिन शाम को कुछ छात्रों द्वारा गया रेलवे स्टेशन के समीप खड़ी एक खाली ट्रेन की बोगी में आग लगा दी गई। उन्होंने कहा कि पुलिस के आने के बाद छात्र मौके से फरार हो गए। कुछ लोगों द्वारा यह जानबूझकर किया जा रहा है। कई जगहों पर रेल ट्रैक के फिश प्लेट को भी खोला गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति को सामान्य करने में लगे दिखे। फिलहाल गया जंक्शन को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। आएएफ, जीआरपी और आरपीएफ के जवान मौके पर मौजूद हैं। हालांकि स्थिति सामान्य है। रेलवे के इंजीनियर भी ट्रेनों का परिचालन सुचारू रूप से कराने में जुट गए हैं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल पर्याप्त संख्या में तैनात है। बता दें कि छात्र रिजल्ट में गड़बड़ी से इतने नाराज हैं कि, रेलवे का आश्वासन मिलने के बाद भी उन पर असर होता नहीं दिख रहा है। उपद्रवी छात्रों ने पुलिस पर पत्थर बरसाने के बाद कई जगहों पर तोड़फोड़ की। साथ ही एक ट्रेन की बोगी में भी आग लगा दी गई। हालात यहां तनावपूर्ण बने हुए हैं। रिजल्ट के विरोध में बिहार में कई जगह प्रदर्शन हुए हैं। इन प्रदर्शनों में ट्रेन को आग लगाई गई और पटरियों पर धरना प्रदर्शन हुआ। रेलवे का कहना है कि, उनको इस वजह से काफी नुकसान झेलना पड़ा है।