ऑस्ट्रेलिया फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा, पाकिस्तान को 5 विकेट से रौंदा
नई दिल्ली। मैथ्यू वेड (41*) द्वारा शाहीन शाह अफरीदी के ओवर में लगातार तीन छक्के की मदद से ऑस्ट्रेलिया टी20 वर्ल्ड कप 2021 के फाइनल में पहुंच गया। ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को रोमांचकारी दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 6 गेंदें शेष रहते 5 विकेट से हरा दिया। दुबई में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करके 20 ओवर में 4 विकेट पर 176 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अब ऑस्ट्रेलिया का फाइनल में मुकाबला 14 नवंबर को न्यूजीलैंड से होगा।
ऑस्ट्रेलिया का आईसीसी इवेंट्स के नॉकआउट मुकाबलों में पाकिस्तान के खिलाफ अजेय रिकॉर्ड आज भी कायम रहा। वहीं पाकिस्तान को दुबई में लगातार 16 जीत के बाद आज पहली शिकस्त मिली।
177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरूआत खराब रही। कप्तान आरोन फिंच को शाहीन अफरीदी ने खाता भी नहीं खोलने दिया और एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। यहां से डेविड वॉर्नर (49) और मिचेल मार्श (28) ने दूसरे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की। शादाब खान ने फिर पाकिस्तान की जोरदार वापसी कराई। उन्होंने मिचेल मार्श को डीप मिडविकेट में आसिफ अली के हाथों कैच आउट कराया। फिर स्टीव स्मिथ (5) को फखर जमान के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद डेविड वॉर्नर (49) को विकेटकीपर रिजवान के हाथों झिलवाया।
ग्लेन मैक्सवेल (7) को शादाब खान ने अपना चौथा शिकार बनाया, जिनका डीप प्वाइंट पर हैरिस राउफ ने शानदार कैच लपका। 96/5 के स्कोर से ऑस्ट्रेलिया की पारी मार्कस स्टोइनिस (40*) और मैथ्यू वेड (41*) ने आगे बढ़ाई। दोनों के ऊपर गजब का दबाव था क्योंकि ऑस्ट्रेलिया को 12 रन प्रति ओवर से रन बनाने की नौबत आ गई थी। ऑस्ट्रेलिया को अंतिम 4 ओवर में 50 रन बनाने की जरूरत थी। सबसे पहले हैरिस राउफ के ओवर में कंगारू बल्लेबाजों ने 13 रन बनाए।
तब समीकरण आया कि 18 गेंदों में 37 रन की दरकार। वेड-स्टोइनिस ने हसन अली द्वारा किए 18वें ओवर में 15 रन बना दिए और कहानी आ गई कि 12 गेंदों में 22 रन की जरूरत। 19वां ओवर शाहीन अफरीदी करने आए। पहली गेंद डॉट रही। दूसरी गेंद पर लेग बाय का एक रन मिला। तीसरी गेंद वाइड रही। चौथी गेंद मैथ्यू वेड का हसन अली ने डीप मिडविकेट पर आसान कैच टपका दिया। वेड ने दो रन दौड़कर लिए।
फिर चौथी गेंद पर वेड ने स्कूप शॉट के जरिये छक्का जमा दिया। पांचवीं गेंद पर लेग साइड में पावरफुल शॉट जमाया। आखिरी गेंद पर फिर स्कूप शॉट के जरिये छक्का जमाकर ऑस्ट्रेलिया की जीत पर मुहर लगा दी। पाकिस्तान की तरफ से शादाब खान ने चार जबकि शाहीन अफरीदी को एक विकेट मिला।
इससे पहले मोहम्मद रिजवान (67) और फखर जमान (55*) के धमाकेदार अर्धशतकों की बदौलत पाकिस्तान ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 176 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित पाकिस्तान को कप्तान बाबर आजम (39) और मोहम्मद रिजवान (67) ने 71 रन की साझेदारी करके दमदार शुरूआत दिलाई। एडम जंपा ने 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर आजम को लांग ऑन में डेविड वॉर्नर के हाथों कैच आउट कराकर पाकिस्तान को पहला झटका दिया। यहां से रिजवान को फखर जमान (55*) का अच्छा साथ मिला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की। रिजवान ने इस बीच 41 गेंदों में अपना 11वां टी20 इंटरनेशनल अर्धशतक पूरा किया।
स्टार्क ने 18वें ओवर में रिजवान को स्मिथ के हाथों कैच आउट कराकर पाकिस्तान को दूसरा झटका दिया। रिजवान ने 52 गेंदों में तीन चौके और चार चौके की मदद से 67 रन बनाए। अगले ओवर में कमिंस ने आसिफ अली को खाता नहीं खोलने दिया और लांग ऑन में स्मिथ के हाथों कैच आउट कराया। स्टार्क ने फिर शोएब मलिक (1) को बोल्ड किया। फखर जमान ने आखिरी ओवर में दो छक्के जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। वो 32 गेंदों में 3 चौके और चार छक्के की मदद से 55 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क ने दो जबकि एडम जंपा और पैट कमिंस को एक-एक सफलता मिली।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान आरोन फिंच ने गुरुवार को पाकिस्तान के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान दोनों ने अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है।