भारत-दक्षिण अफ्रीका सीरीज का नया शेड्यूल जारी
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन के तेजी से पैर पसारने के कारण भारतीय टीम के दक्षिण अफ्रीका दौरे के कार्यक्रम में बदलाव हुआ है। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने भारत के दौरे का नया शेड्यूल सोमवार को घोषित किया, जिसके अनुसार अब पहला टेस्ट 26 दिसंबर से सेंचुरियन में खेला जाएगा। बता दें कि बीसीसीआई ने शनिवार को घोषणा की थी कि टीम इंडिया दौराे पर जाएगी लेकिन रवानगी एक सप्ताह के लिए टाल दी गई है। भारत को इस दौरान पर तीन टेस्ट और तीन वनडे खेलने है। दौरे पर टी20 सीरीज खेली जानी थी, जो अब बाद में होगी।
भारतीय टीम को पहले नौ दिसंबर को रवाना होना था लेकिन यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव किया । अब पहला टेस्ट 26 दिसंबर से शुरू होगा जो पहले 17 दिसंबर से शुरू होने वाला था। सीएसए ने एक बयान में कहा, "सीएसए को भारतीय टीम के दक्षिण अफ्रीका दौरे का नया कार्यक्रम बताते हुए खुशी हो रही है। अब इस दौरे पर टेस्ट और वनडे श्रृंखला ही खेली जायेगी । दौरा 26 दिसंबर से 23 जनवरी तक चार स्थानों पर होगा । चार मैचों की टी20 श्रृंखला अगले साल उचित समय पर खेली जायेगी।’’
दूसरा टेस्ट तीन से सात जनवरी के बीच वांडरर्स पर और तीसरा 11 से 15 फरवरी के बीच केपटाउन में खेला जायेगा । तीन वनडे मैच बोलैंड पार्क, पार्ल (19 और 21 जनवरी) और केपटाउन (23 जनवरी) में होंगे। टेस्ट श्रृंखला आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के नये चक्र का हिस्सा होगी । वहीं वनडे श्रृंखला आईसीसी विश्व कप सुपर लीग के तहत खेली जायेगी जो 2023 विश्व कप क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट है।