अंतत: खत्म हुआ किसान आंदोलन, सिंघू बार्डर से उखड़ने लगे हैं किसानों के टेंट, 11 दिसंबर से होगी घर वापसी
नई दिल्ली: किसानों का एक साल से भी अधिक समय का आंदोलन अब खत्म होने जा रहा है। दिल्ली के सिंघू बॉर्डर पर किसानों के टेंट उखड़ने शुरू हो गए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक के बाद किसान नेताओं ने अब 11 तारीख से देशभर से घर वापसी का ऐलान किया है। किसान मोर्चा ने कहा कि आंदोलन को स्थगित कर रहे हैं और मांगें नहीं पूरी हुईं तो फिर लौटेंगे। सिंघू बॉर्डर पर किसानों ने सरकार के फैसले पर खुशी जताई और कहा कि सरकार ने लगभग सभी मांगों को मान लिया है।
वहीं कानून वापसी के लिए किसानों ने पीएम मोदी को धन्यवाद दिया और कहा कि लखीमपुर का मामला छोड़ा नहीं जाएगा। संयुक्त किसान मोर्चा के कक्काजी ने कहा कि जिनको इस दौरान जिनको तकलीफ हुई उनसे मांफी मांगते हैं और साथ देने के लिए सभी का धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा कि आज भी किसानों के कई सवाल बाकि हैं। किसान मोर्चा ने कहा कि यह किसानों की बड़ी जीत है। संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि हर महीने एसकेएम की समीक्षा बैठक होगी। किसान नेता योगेंद्र यादव ने कहा कि 11 दिसंबर से देशभर में जहां भी किसान विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं वो अपने घर लौटेंगे।