हेलिकॉप्टर हादसे में सीडीएस बिपिन रावत, उनकी पत्नी सहित 13 लोगों की मौत

दिल्ली। तमिलनाडु के कुन्नुर में बुधवार को हेलिकॉप्टर क्रैश में भारत के पहले सीडीएस बिपिन रावत और उनकी पत्नी का निधन हो गया। इस हादसे में 13 अन्य लोगों की मौत हो गई है। भारतीय वायुसेना ने ट्वीटर पर यह खबर दी है। इस हादसे में सीडीएस बिपिन रावत की पत्नी मधुलिका रावत के साथ ही 13 अन्य लोगों की मौत से देश में दुख की लहर फैल गई है। कुन्नूर के घने जंगल में यह हादसा हुआ। रावत को 31 दिसंबर 2019 को सीडीएस नियुक्त किया गया था। रावत के पिता लक्ष्मण सिंह सेना में लेफ्टिनेंट जनरल थे। कई मेडलों से सम्मानित रावत अपनी पत्नी के साथ एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इस दौरान कुन्नूर में यह हादसा हुआ। भारतीय वायुसेना ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रावत के घर पर पहुंचे। शाम पांच बजे इस हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की गई। शवों की पहचान डीएनए टेस्ट से की जाएगी। इस घटना पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख व्यक्त कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सीडीएस रावत ने सशस्त्र बलों और सुरक्षा तंत्र के आधुनिकीकरण में बहुत ही योगदान दिया। सीडीएस रावत छह साल पहले भी हेलिकॉप्टर हादसे में बाल-बाल बचे थे।