VIDEO; श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर जनकगंज का वार्षिक उत्सव सम्पन्न, हजारों भक्तों ने ग्रहण की महाप्रसादी पातल-भाजी

ग्वालियर। श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर जनकगंज का वार्षिक उत्सव आज महाप्रसादी पातल-भाजी भोग के साथ सम्पन्न हो गया। इस अवसर पर हज़ारों भक्तों ने ना सिर्फ महाप्रसादी ग्रहण की बल्कि महाप्रसादी की तैयारियों में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

उल्लेखनीय है कि हर वर्ष श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर जनकगंज में वार्षिक उत्सव का आयोजन किया जाता है। लेकिन विगत दो वर्षों से कोरोना महामारी के प्रकोप के मद्देनजर आयोजन टाला जाता रहा। श्री लक्ष्मी नारायण भक्त हर साल महाप्रसादी ग्रहण करने को लेकर खासे उत्साहित रहते हैं। इसी के दृष्टिगत श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर जनकगंज में 13 नवम्बर से 11 दिवसीय वार्षिक उत्सव का आयोजन प्रारंभ हुआ। जिसका समापन सोमवार को महाप्रसादी पातल-भाजी के साथ किया गया। इस दौरान हज़ारों की तादात में उपस्थित भक्तों ने ना सिर्फ महाप्रसादी ग्रहण की बल्कि पातल-भाजी की तैयारियों में भी सहयोग प्रदान किया। इससे पहले प्रातः भगवान श्री लक्ष्मी नारायण का 51किलो दूध से पांच आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक किया गया। तदुपरांत विशेष श्रंगार कर उन्हें लोड़ और तकिए पर विराजमान कराया गया।

आपको बता दें भगवान श्री लक्ष्मी नारायण को साल में दो बार ही लोड़ और तकिए पर विराजमान कराया जाता है।