हर्षोल्लास से मनाएं दिवाली, रात्रि 10:00 बजे बाद ना जलाएं पटाखे
ग्वालियर। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने शहर वासियों को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शहरवासी उत्साह व उमंग के साथ दीपावली का त्यौहार मनाएं और शहर की स्वच्छता एवं शहर के विकास में सहयोगी बनें। कलेक्टर श्री सिंह ने शहर के नागरिकों से अपील की है कि रात्रि 10:00 बजे के बाद पटाखे ना चलाएं और प्रतिबंधात्मक पटाखों का उपयोग ना करें। दीपावली उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास का त्यौहार है इसे सब मिलजुल कर उत्साह से मनाएं।
कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन, नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन की टीमें लगातार शहर में भ्रमण कर रही हैं यदि कोई प्रतिबंधात्मक पटाखे चलाता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।