गांधीवादी विचारों के एक संपूर्ण अध्याय थे एसएन सुब्बाराव - डॉ. गोविंद सिंह

ग्वालियर। पदमश्री सम्मानित महान गांधीवादी विचारक डॉ. एसएन सुब्बाराव का 92 वर्ष की आयु में आज जयपुर के एसएमएस अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन पर पूर्व मंत्री एवं विधायक लहार डॉ. गोविंद सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि दी है। पूर्व मंत्री डॉ. सिंह का कहना है कि ऐसे महान गांधीवादी विचारक का हमारे बीच से जाना समाज व देश के लिए अपूरणीय क्षति है जिसकी भरपाई संभव नहीं है। पूर्व मंत्री डॉ. सिंह ने आगे कहा कि एसएन सुबाराव जी ने अपनी किशोरावस्था में ही भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया एवं भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान जेल भी गए। उन्होंने गांधीवादी विचारों व सर्वोदय की संकल्पना को न सिर्फ स्वयं में आत्मसात किया बल्कि अपना संपूर्ण जीवन गांधीवादी विचारों व सर्वोदय की सोच को पूरे समाज व जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने अपने जीवनकाल में दस्यु समस्या से पीड़ित चंबल संभाग के 600 से अधिक दस्युओं का आत्मसमर्पण कराकर उनको सीधे समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का व चंबल क्षेत्र की जनता को दस्यु समस्या से राहत दिलाने का कार्य किया। ऐसे महान व्यक्तित्व के धनी एसएन सुबाराव जी मृत्यु उपरांत भी अपने विचारों के माध्यम से आम जनमानस के हृदय में जीवित रहेंगे।