हॉकी का वैभव फिर से कायम करने के लिए सरकार प्रयासरत – मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे
खेल व युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे ने खेल परिसर में किया वातानुकूलित छात्रावास और नवीन हॉकी पवेलियन का भूमिपूजन
ग्वालियर। मध्यप्रदेश की हॉकी का वैभव फिर से कायम करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधायें जुटाई जा रही हैं। साथ ही हॉकी में रूचि रखने वाले बच्चों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। यह बात प्रदेश की खेल व युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने कही। श्रीमती यशोधरा राजे ने सोमवार को यहाँ कम्पू स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर में वातानुकूलित छात्रावास और नवीन हॉकी पवेलियन के निर्माण के लिये भूमिपूजन किया। इस अवसर पर खेल और युवा कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव श्री गुलशन बामरा, खेल और युवा कल्याण विभाग के संचालक श्री रवि कुमार गुप्ता तथा जिला खेल अधिकारी श्री जोसेफ बक्सला सहित अन्य संबंधित अधिकारी तथा महिला हॉकी अकादमी में प्रशिक्षणरत बालिकायें मौजूद थीं। राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर में लगभग 8 करोड़ 2 लाख रूपए की लागत से प्रशिक्षणार्थी बालिकाओं के लिये वातानुकूलित छात्रावास का निर्माण होने जा रहा है। अस्सी बैड के इस छात्रावास में वार्डन व कॉमन रूम सहित कुल 40 कक्ष बनाए जायेंगे। इसी तरह लगभग 99 लाख 35 हजार रूपए की लागत से अत्याधुनिक हॉकी पवेलियन का निर्माण होगा। इन दोनों कार्यों को मूर्तरूप देने के लिए मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने भूमिपूजन व पट्टिका का अनावरण किया।
