सिद्धपीठ श्रीगंगादास जी की बड़ी शाला में कार्तिक मास में अनूठा अनुष्ठान सुख समृद्धि व समाज कल्याण के लिए दीपदान का शुभारंभ

ग्वालियर। सत्य सनातन धर्म में पवित्र कार्तिक मास का विशेष महत्व है। इसे भगवान विष्णु एवं विष्णु तीर्थ के समान ही कल्याणकारी माना गया है। इसलिए इसे दामोदर मास भी कहा गया है। कार्तिक मास में दीपदान करने से सुख समृद्धि की प्राप्ति तो होती है, समाज का कल्याण भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां सिद्धपीठ श्री गंगादास जी की बड़ी शाला में पूर्ण विधिविधान के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीपदान का शुभारंभ किया गया। इसी बीच शाला में शरद पूर्णिमा का उत्सव भी धूमधाम से मनाया गया। दीपदान का यह अनुष्ठान पूरे कार्तिक महीने में चलेगा। उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर से पवित्र कार्तिक मास का प्रारंभ हो चुका है। यह 19 नवंबर तक रहेगा। कार्तिक मास में तुलसी के सामने दीपदान की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। इसी परंपरा के तहत सिद्धपीठ श्री गंगादास जी की शाला में महंत पूरन वैराठी पीठाधीश्वर स्वामी रामसेवकदास जी महाराज के सानिध्य में शरद पूर्णिमा से दीपदान का शुभारंभ किया गया। डॉ. विकास त्रिपाठी के आचार्यत्व में श्रद्धालु महिला पुरुषों ने शाला परिसर में तुलसी के समक्ष दीपदान किया। कार्यक्रम में श्रीमती ममता कटारे, रानी उपाध्याय, वीणा शर्मा, सीमा गुप्ता, ज्योति शर्मा, राजेश चौबे, प्रशांत कटारे, महेन्द्र शर्मा, लटूरी राठौर, अजय सिंह आदि ने भगवान विष्णु की पूजा अर्चना की। इस अवसर पर राजेश चौबे ने भजनों की प्रस्तुति भी दी। इस अवसर पर कार्तिक मास में दीपदान के महत्व की चर्चा करते हुए महंत स्वामी रामसेवक दास जी ने कहा कि कार्तिक मास को रोगनाशक मास कहा जाता है। सनातन परंपरा में तुलसी के पौधे को बहुत ही पवित्र माना गया है। कार्तिक मे तुलसी के पौधे के समक्ष दीपदान करने से न केवल सद्बुद्धि आती है बल्कि धन संपदा में वृद्धि होती है। इसे वैज्ञानिक नजरिये से भी देखें तो कार्तिक में शाम को जल्दी अंधकार शुरु हो जाता है। ऐसे में दीप जलाने से प्रकाश होता है। यह घर का ही नही जीवन का अंधकार भी दूर करता है। कार्तिक में तुलसीदान अन्नदान, गाय का दान, आंवले के पौधे का दान भी करना चाहिए। दीपदान से मनुष्य को अमोघ पुण्य की प्राप्ति होती है।