हाईकोर्ट में 11 दिसम्बर को लगेगी नेशनल लोक अदालत

ग्वालियर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नईदिल्ली एवं उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर के प्रशासनिक न्यायाधिपति व को-चेयरमेन उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति शील नागू के मार्गदर्शन में 11 दिसम्बर को हाईकोर्ट में नेशनल लोक अदालत का आयोजन होगा। पक्षकारगणों से नेशनल लोक अदालत में राजीनामा के आधार पर प्रकरणों का निराकरण कराने की अपील की गई है। उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर के प्रिंसिपल रजिस्ट्रार विमल प्रकाश शुक्ला ने बताया कि 11 दिसम्बर को आयोजित होने जा रही नेशनल लोक अदालत में राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के अंतर्गत चैक बाउंस प्रकरण, बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना क्लेम अपील, श्रम प्रकरण, विद्युत एवं जल बिल, वैवाहिक प्रकरण, भू-अधिग्रहण, सर्विस व सेवानिवृत्ति स्वत्व भुगतान संबंधी रिट पिटीशन, सिविल प्रकरण व राजस्व प्रकरण सहित अन्य राजीनामा योग्य प्रकरणों का निराकरण पक्षकरों की आपसी सहमति के आधार पर किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत के माध्यम से निराकृत होने वाले प्रकरणों में पक्षकार पूर्व में अदा की गई कोर्ट फीस वापस पाने का हकदार होगा। जो पक्षकार उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर के समक्ष लंबित अपने प्रकरणों का निराकरण नेशनल लोक अदालत के माध्यम से कराना चाहते हैं वह अपनी सहमति स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति ग्वालियर के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।