कमलाराजा अस्पताल में बच्चों की मौत हाईकोर्ट सख्त, पांच दिन में सुधार के आदेश
ग्वालियर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की मुख्यपीठ जबलपुर ने स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव को आदेश दिए हैं कि पांच दिन में ग्वालियर के जयारोग्य चिकित्सालय समूह के कमलाराजा चिकित्सालय के बाल एवं शिशु विभाग के हालात सुधारें। यहां होने वाली बच्चों की मौत को लेकर हाईकोर्ट ने यह सख्त आदेश देते हुए कहा है कि बच्चों को अलग-अलग बैड पर ही भर्ती किया जाए। आदेश के बाद क्या सुधार किए गए हैं इसकी रिपोर्ट पांच दिन में पेश करने के आदेश भी दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई आठ अक्टूबर को होगी। दरअसल मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की अध्यक्षता वाली पीठ ने यह आदेश एडवोकेट संगीता पचौरी ओर अवधेश सिंह तोमर की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए हैं। याचिका में कहा गया है कि इस समय एक ओर जहां कोविड का खतरा अभी टला नहीं है। वहीं बच्चों को वायरल एवं दिमागी बुखार के कारण अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। एक बिस्तर पर तीन-तीन बच्चों को भर्ती किया जा रहा है। जो कि इन बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ है। बीमारियों की वजह से बच्चों की मौत भी हो रही है। इसे लेकर जिला प्रशासन और अस्पताल प्रशासन कतई गंभीर नहीं होने से हालात गंभीर हो सकते हैं। याचिकाकर्ता द्वारा कहा गया कि बैंगलूर में एक ही स्कूल में बड़ी संख्या में बच्चों के पॉजिटिव होने का मामला सामने आने के बाद भी प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। अस्पतालों में जिस प्रकार के हालात है उससे ग्वालियर में भी ऐसी स्थिति बन सकती है। लिहाजा बच्चों की कोविड जांच भी जरूर होना चाहिए। इस याचिका को ग्वालियर पीठ ने सुनवाई के लिए जबलपुर भेज दिया था। अस्पताल के फोटोग्राफ और अन्य रिपोर्ट को देखते हुए न्यायालय ने इसे गंभीर मुद्दा माना है। तथ्यानुसार याचिकाकर्ता द्वारा 11 साल की बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पेश की गई। इस रिपोर्ट में बच्ची को कोविड था, लेकिन उसे दिमागी बुखार का इलाज देते रहे।
हाईकोर्ट ने कहा है कि यदि बच्चों को दिमागी बुखार हो रहा है तो उसकी पहले जांच होनी चाहिए। बिना जांच के इलाज न दिया जाए, किसी को भी ब्लड चढ़ाना शुरू कर रहे हैं जिससे तबियत और बिगड़ रही है, अस्पताल में उपचार की व्यवस्थाएं नहीं है। पहले बैड बढाने की जरूरत है। यदि सरकारी अस्पतालों में व्यवस्था नहीं है तो प्राइवेड अस्पतालों को हायर किया जाए, डेथ का कारण पता होना चाहिए। जिससे अंचल में पता रह सके कि कौनसी बीमारी चल रही है।