पुलिस की वर्दी में गांजे के साथ पकड़ा गया युवक दोषी करार, 2 साल की सजा

ग्वालियर। जिला न्यायालय की विशेष कोर्ट ने मादक पदार्थ अधिनियम के एक मामले में आरोपी को 2 साल की सजा से दंडित किया है। दोषी युवक पर 5000 का अर्थदंड भी लगाया गया है। जिला न्यायालय के शासकीय अधिवक्ता धर्मेंद्र शर्मा के अनुसार घास मंडी मुरार में रहने वाला अमर पांडे मादक पदार्थ के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था। 8 जून 2017 को पुलिस को सूचना मिली कि अमर पांडे पुलिस की वर्दी पहन कर डबरा की तरफ से शहर की ओर आ रहा है। इस सूचना पर मुरार थाना प्रभारी ने एक टीम को उसे पकड़ने के लिए बड़ागांव चौराहे पर भेजा। इस दौरान मोटरसाइकिल से आते हुए अमर पांडे को पुलिस जवानों ने रोक लिया। अमर पांडे उस वक्त पुलिस कर्मचारी की ड्रेस पहना हुआ था और उसके सीने पर जो बैज लगा हुआ था, उसमें रामवीर सिंह गुर्जर का नाम लिखा हुआ था। पुलिस की वर्दी देख पहले तो उसे पकड़ने गए पुलिस वाले एक बार सोचने लगे कि कहीं उन्हें गलत जानकारी तो नहीं मिली है लेकिन जब नकली पुलिस आरक्षक बने अमर पांडे की तलाशी ली गई तो उसके पास से 1 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ। वह यह गांजा डबरा की ओर से लेकर आ रहा था। मुरार पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एवं कूट रचना के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने गांजे के साथ उसकी वर्दी और बेज को भी जप्त किया था। दोनों ही मामलों में उसके खिलाफ मुरार थाने में प्रकरण दर्ज हुआ था। मुरार पुलिस ने अमर पांडे के खिलाफ एनडीपीएस कोर्ट में चालान पेश किया था जहां सुनवाई के दौरान विशेष कोर्ट ने उसे दोषी पाया। उसे मादक पदार्थ रखने और नकली पुलिस बनने पर अलग-अलग सजा सुनाई गई है। एनडीपीएस मामले में उसे 2 साल की सजा, 5000 रुपए का जुर्माना लगाया गया है जबकि नकली पुलिस बनने पर उसे 3 महीने की सजा सुनाई गई है। फिलहाल आरोपी अपनी गिरफ्तारी के बाद से ही केंद्रीय कारागार ग्वालियर में बंद है।