संघ के गणवेश में श्रीजी और मूषक की मनोहारी प्रतिमा चर्चा में ..

ग्वालियर। शहर में गणेश जी की एक प्रतिमा इन दिनों खासी चर्चा में है। खासियत यह है कि श्रीजी को आरएसएस के गणवेश में प्रणाम करते हुए दिखाया गया है। जिसमें वह दूसरे हाथ में भगवा ध्वज लिए हैं। इतना ही नहीं श्रीजी के इस दरबार में उनके साथ उनका वाहन मूषक भी गणवेश में मौजूद है। जबकि इनके पीछे मां भारती की तस्वीर लगी है। श्रीजी का यह दरबार माधौगंज क्षेत्र के आपागंज इलाके की शीतला कॉलोनी में सजाया गया है। स्थानीय निवासी बलराम सिंह बताते हैं विगत 6 वर्षों से कॉलोनीवासी श्रीजी का दरबार सजा रहे हैं। हर साल गणेशोत्सव पर श्रीजी की अलग-अलग मुद्राओं वाली प्रतिमा की स्थापना की जाती है। इस बार स्वयंसेवक की मुद्रा में दर्शाया गया है जो उनकी भक्ति का भाव है। बलराम सिंह कहते हैं हर वर्ष श्रीजी को अलग-अलग मुद्राओं में दिखाने के चलते भक्त बड़ी संख्या में दूरदराज से दर्शन करने आते हैं। इस बार श्रीजी को संघ के स्वयंसेवक के गणवेश में प्रणाम करते हुए दर्शाया गया है।