वरिष्ठ समाजसेवी और सुप्रसिद्ध व्यापारी सेठ श्री गोपालदास जी अग्रवाल की तृतीय पुण्यतिथि रविवार को, चेम्बर भवन में दिया जाएगा 'विभूति सम्मान'
ग्वालियर । शहर के सुप्रसिध्द समाजसेवी, प्रतिष्ठित व्यापारी एवं चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पहले संरक्षक सदस्य, सेठ श्री गोपालदास अग्रवाल की तृतीय पुण्यतिथि पर दूसरा विभूति सम्मान समारोह रविवार 12 सितंबर को सायं 4 बजे ‘चेम्बर भवन’ में आयोजित किया जाएगा । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रधुमन सिंह तोमर मौजूद रहेंगे । जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ अभिभाषक श्री आर. डी. जैन, डॉ. वैणी माधव शास्त्री, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष श्री श्रीकृष्णदास गर्ग उपस्थित रहेंगे।
सेठ गोपाल दास स्मृति सेवा संस्थान के अध्यक्ष ग्वालदास अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती साधना जैन, सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने संयुक्त रूप से प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया है कि श्री गोपालदास अग्रवाल ने अपने जीवन में कठिन परिश्रम और संघर्षों से खुद को फर्श से अर्श पर स्थापित किया । इसलिए उनकी पुण्यतिथि पर उन विभूतियों का सम्मान किया जाता है, जिन्होंने कठिन संघर्ष और परिश्रम से खुद को स्थापित किया। ऐसे में उन विद्वानों को विभूति सम्मान से नवाजा जाता है । इस बार शिक्षक दम्पत्ति, श्री धर्मेन्द्र सिंह तोमर एवं श्रीमती साधना तोमर, श्री गनपतराम नीखरा, डॉ. ए. के. वाजपेयी, डॉ. डी. आर. मोघे, श्री आशाराम राठौड़ एवं श्री गोपालदास चौरसिया को सम्मानित किया जाएगा ।
संस्था के सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने बताया है कि इस सम्मान के पीछे उद्देश्य यह है कि उनके पिताजी श्री गोपाल दास अग्रवाल जो स्वयं बिना किसी पब्लिसिटी के लोगों की मदद करते थे और जिन संगठनों से जुड़े थे, पूरी मेहनत और लगन से उसके प्रति समर्पित थे। लिहाजा वर्ष 2005 में उन्हें चेम्बर ऑफ कॉमर्स का संरक्षक सदस्य बनाया गया था। तत्समय चेम्बर के 100 वर्ष के इतिहास में वह पहले संरक्षक सदस्य थे । उसी भावना के लोगों को सम्मानित कर उन विभूतियों को प्रेरणा के रूप में समाज के सामने लाया जाए, यह भावना है।
संस्था के सभी पदाधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वह सम्मान समारोह में उपस्थित रहकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएँ और सम्मानित होने वाली विभूतियों से प्रेरणा भी लें।