निचली अदालत ने सुनाई फांसी की सजा, हाई कोर्ट ने किया दोषमुक्त, टीआई, जांच अधिकारी, मृतका की मां और गवाह पर आपराधिक प्रकरण चलाने के आदेश

ग्वालियर। हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने विदिशा जिले में 6 साल पहले एक मासूम बालिका के साथ अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में फांसी की सजा पाए आरोपी रवि मालवीय को दोषमुक्त कर दिया है। हाईकोर्ट ने माना है कि पुलिस ने एक निर्दोष युवक को फंसाने के लिए झूठे साक्ष्य तैयार किए थे। इतना ही नहीं पुलिस ने इतने गंभीर मामले में अपनी जांच में हद से ज्यादा लापरवाही बरती। ना तो साइंटिफिक साक्ष्य पुख्ता तौर पर बनाए गए ना ही चिकित्सीय और डीएनए टेस्ट में गंभीरता बरती गई। पुलिस की कहानी को ही हाईकोर्ट ने बेहद संदिग्ध मानते उसके साक्ष्यों को बनावटी माना है। हाई कोर्ट ने इस मामले में टीआई संजीव चौकसे, विवेचना अधिकारी एस एन एस सोलंकी, मृतका की मां सहित अन्य गवाहों के खिलाफ आपराधिक मामला चलाने के आदेश दिए हैं। तथ्यानुसार 25 अक्टूबर 2015 को विदिशा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक कुएं में साढे़ चार साल की एक बच्ची की लाश बरामद हुई थी। इस बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई थी। आरोपी की ओर से पैरवी अधिवक्ता पदम् सिंह ने की। अधिवक्ता पदम् सिंह के अनुसार, 24 अक्टूबर 2021 को भोपाल रेलवे स्टेशन के बाहर से बच्ची को अगवा किया गया था। बच्ची की मां और आरोपी रवि मालवीय ट्रेन में छोटा-मोटा खाने का सामान बेचते थे। इसी दौरान महिला की साढे़ 4 साल की बेटी संदिग्ध हालात में अचानक गायब हो गई थी। 25 अक्टूबर 2015 को बच्ची का शव विदिशा में पूरनपुरा शिव मंदिर के पास स्थित कुएं में मिला था। पुलिस ने प्रारंभिक विवेचना के बाद 6 नवंबर 2021 को आरोपी रवि मालवीय निवासी भोपाल को उसके घर से गिरफ्तार किया था। रवि के खिलाफ विदिशा सत्र न्यायालय में चालान पेश किया गया था। जहां उसे 7 मार्च 2020 को फांसी की सजा से दंडित किया गया था। आरोपी रवि ने निचली अदालत के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील दायर की थी। वहीं विदिशा कोर्ट के फैसले को कंफर्म करने के लिए भी हाईकोर्ट में लाया गया था। हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद पुलिस की कहानी को संदिग्ध माना और आरोपी रवि मालवीय को दोषमुक्त कर दिया।