निगम अधिकारियों की संवेदनशीलता बनी सहारा, माधव वृद्वा आश्रम में निवासरत 5 बुजुर्गों की प्रारंभ कराई वृद्वावस्था पेंशन

ग्वालियर। अपनों से या परिस्थितियों से ठुकराए गए लोगों का सहारा होते हैं, वृद्धाश्रम। यहां बुजुर्ग अपना जीवन तो काट सकते हैं, लेकिन उनके पास कोई आर्थिक संबल का जरिया नहीं होता है। वह अपनी छोटी-छोटी इच्छाएं भी मन में दबाकर रह जाते हैं। लेकिन नगर निगम अधिकारियों की मानवीय संवेदनशीलता के चलते शहर के माधव बाल निकेतन एवं वृद्धाश्रम में ऐसे पांच बुजुर्ग लोगों को शासन की जनकल्याणकारी वृद्धा पेंशन प्रारंभ हो गई जो इसके लिए पात्र थे, लेकिन अपनी वृद्वावस्था के कारण कार्यालय में जाकर आवेदन नहीं कर पा रहे थे। अब इन्हें प्रतिमाह 600 रुपए महीनें मिलेगें जिसे यह अपनी मर्जी से खर्च कर सकते हैं। नगर निगम के जनकल्याण विभाग में कार्यरत नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि वह विभिन्न अवसरों पर वृद्वाश्रम में पंहुचकर बुजुर्गों को भोजन आदि कराने जाते थे, तब उन्होंने वहां निवासरत कुछ बुजुर्गों से उनके विभिन्न आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानकारी ली और जब उन्हें लगा कि इन बुजुर्गों की वृद्वावस्था पेंशन प्रारंभ हो सकती है, उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की और उन बुजुर्गों के दस्तावेज लेकर उनकी वृद्वावस्था पेंशन प्रारंभ कराई। नगर निगम के जनकल्याण विभाग की नोडल अधिकारी श्रीमती पूर्वी अग्रवाल, नीरज श्रीवास्तव एवं श्रीमती सुमन बघेल ने गत दिवस माधाव वृद्वाश्रम में पंहुचकर बुजुर्ग सैफुद्दीन सिद्दकी, श्रीमती गार्गी गंगवार, श्रीमती अजुद्धी बाईं, घनश्याम पाल एवं श्रीमती मीराबाई को वृद्वावस्था पेंशन के स्वीकृति पत्र सौंपे। जिन्हें देखकर बृजुर्गों की आंखें भर आईं, और जिसके चलते उन्होंने नगर निगम अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान आश्रम के चेयरमैन नूतन श्रीवास्तव सहित आश्रम के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।