अमृत महोत्सव के तहत वृक्षारोपण को नियमित जारी रखा जाए – संभागायुक्त आशीष सक्सेना
ग्वालियर। ग्वालियर-चंबल संभाग के आयुक्त आशीष सक्सेना ने संभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आजादी के 75वे अमृत महोत्सव के तहत दोनों संभागों के जिलों की शैक्षणिक संस्थाओं, शासकीय कार्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से वृक्षारोपण किया जाए। उन्होंने अमृत महोत्सव के तहत औषधीय पौधों का भी रोपण करने के निर्देश दिए। यह निर्देश उन्होंने आज यहाँ मोतीमहल के मानसभागार में वृक्षारोपण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में दिए।
संभागीय आयुक्त आशीष सक्सेना ने निर्देश दिए कि अंकुर अभियान के तहत जो पौधे लगाए गए हैं, उनका सभी का पंजीयन कराया जाए। उन्होंने कहा कि दोनों संभागों में वृक्षारोपण का कार्य अच्छा हुआ है, लेकिन पंजीयन मात्र एक लाख 31 हजार पौधों का हुआ है जो बहुत कम है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण की प्रगति तभी मानी जायेगी, जब लगाए गए पौधों का पंजीयन हो जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण के कार्य को जारी रखें, पौधों के साथ फोटो खींचें एवं अपलोड करें। संभागीय कमिश्नर श्री सक्सेना ने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण अभियान में औषधीय पौधे भी लगाए जाएं। इसमें गिलोय, तुलसी, सुरजना, नींबू, आंवला एवं बहेड़ा आदि प्रमुख हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण अभियान को प्रभावी बनाने के लिये सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाए। पौधे लगाने के बाद उनकी सुरक्षा की भी व्यवस्था की जाए।