दबंगों ने किया जमीन पर कब्जा तो सपरिवार युवक 80 फिट ऊंची पानी की टँकी पर चढ़ा
भोपाल। राजधानी की होशंगाबाद रोड पर दानिश नगर स्थित करीब 80 फीट ऊंची पानी की टंकी पर एक युवक सपरिवार चढ़ गया। युवक का कहना है कि उसकी जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। हर जरूरी दरवाजे शिकायत की लेकिन नतीजा सिफर रहा। मजबूरन यह कदम उठाना पड़ा। वहीं मिसरोद थाना पुलिस परिवार को नीचे उतारने की कोशिश में जुटी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार युवक का नाम रीतेश गोस्वामी है। वह रायसेन जिले के भोजपुर का रहने वाला है। दोपहर करीब 12 बजे वह परिवार के 3 सदस्यों के साथ 80 फिट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। जानकारी मिलते ही मिसरोद थाना प्रभारी निरंजन शर्मा मौके पर पहुंचे और युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन युवक मानने को तैयार नहीं है। पीड़ित परिवार तकरीबन पौने 12 बजे टंकी पर चढ़ गया था। पुलिसकर्मी लगातार उसे समझा रहे हैं, लेकिन वह नहीं मान रहा है। जमीन पर दबंगों के कब्जे के साथ ही वह खुद को किसान बताते हुए आर्थिक तंगी का हवाला भी दे रहा है। उसकी मांग है कि उसकी जमीन से दबंगों का कब्जा हटाया जाए। वहीं युवक के पानी की टंकी पर चढ़ने की खबर लगते ही मौके पर आसपास की भीड़ इकट्ठा हो गई। टंकी के करीब पहुंचने पर युवक नीचे कूदने की धमकी भी दे रहा है।