लक्ष्मण तलैया से प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण, 14000 वर्गफुट सरकारी जमीन कराई मुक्त, मंदिर की बाउंड्री वाल तोड़ने पर हुआ हंगामा

ग्वालियर। जिला, नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने आज लक्ष्मण तलैया पर सील्ड किया गया अतिक्रमण तोड़ दिया। इस दौरान टीम ने सरकारी जमीन पर बनाया गया एक गैराज और बाउंड्रीबाल ध्वस्त कर दी। हालांकि कार्रवाई के दौरान टीम को स्थानीय लोगों के हल्के विरोध का भी सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि पिछले दिनों जिला प्रशासन के अमले ने लक्ष्मण तलैया स्थित अतिक्रमण चिन्हित कर उसे सील्ड कर दिया था। सोमवार को जिला, नगर निगम और पुलिस प्रशासन का अमला पुनः मौके पर पहुचा और गैरेज व बाउंड्रीबाल को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। कार्रवाई के दौरान एसडीएम प्रदीप तोमर, एसडीएम अनिल वनवरिया, नगर निगम एवं पुलिस के अधिकारी मय बल के मौजूद थे। कार्रवाई के दौरान गैराज के समीप स्थित मंदिर की बाउंड्रीबाल जब अमले ने ढहाना शुरू किया तो कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष वीर सिंह तोमर के साथ खड़े स्थानीय लोग जय जय श्री राम के नारे लगाने लगे। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। मगर पुलिस की सजगता के चलते टकराव टाला जा सका। एसडीएम अनिल वनवारिया ने बताया है कि सर्वे क्रमांक 741 ग्राम आउखाना कला, रकबा 14000 वर्गफुट सरकारी जमीन का कब्जा 11 अगस्त को लेकर सील्ड कर दिया गया था, आज कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देश पर सरकारी जमीन अतिक्रमण करके बनाया गया गैराज के दो कमरे, टीनशेड व बाउंड्री वाल ध्वस्त कर दी है। वहीं कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष वीर सिंह तोमर ने जिला प्रशासन की कार्रवाई को द्वेषपूर्ण कार्रवाई करार देते हुए कहा कि हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्दिर पर दर्शन करने आये थे, इसी के चलते प्रशासनिक अमले से तुड़ाई कराई गई है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि जिला प्रशासन के अफसरों को अचानक लक्ष्मण तलैया पर किये गए अतिक्रमण की याद कैसे आ गई ?