विश्व मच्छर दिवस पर शहर में चलाया गया विशेष जागरूकता अभियान, लोगों को मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिये किया जागरूक
ग्वालियर। विश्व मच्छर दिवस पर ग्वालियर जिले में भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दिवस पर मलेरिया विभाग एवं फैमिली हैल्थ इंडिया की एम्बेड टीम द्वारा विविध गतिविधियां आयोजित की गईं। ज्ञात हो हर साल 20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस मनाया जाता है।
सन् 1897 ब्रिटिश डा. सर रोनाल्ड् रोस द्वारा मलेरिया फैलने की वजह जानने हेतु किये जा रहे शोध को पूर्ण कर 20 अगस्त को ही ये घोषणा की थी कि मलेरिया का संक्रमण मादा एनाफिलिज मच्छर के द्वारा फैलाया जाता हैं | तभी 20 अगस्त को मच्छर दिवस के रूप में मनाये जाने का सुझाव भी रखा गया और पहला मच्छर दिवस 1930 में मनाया गया।
विश्व मच्छर दिवस पर शहर में चलाए गए अभियान के तहत महाराज बाड़ा पर प्रतीकात्मक रैली निकाली गई। साथ ही जनकगंज डिस्पेंसरी में लोगों को मच्छर की पैदाइश पर अंकुश लगाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही आग्रह किया गया कि मच्छरों से बचाव के लिये फुल आस्तिन के कपड़े पहनें, मच्छरदानी, मच्छररोधी अगरबत्ती इत्यादि का इस्तेमाल करें।
मच्छर दिवस के उपलक्ष्य में महाराज बाड़े पर मच्छर जनित बीमारियां मसलन डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जीका, फाइलेरिया एवं जेई बुखार की रोकथाम, सावधानियां एवं बचाव के साधनों का प्रचार-प्रसार किया गया।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. मनोज पाटीदार एवं जिला समन्वयक फैमिली हैल्थ इंडिया एम्बेड परियोजना विजय मिश्रा ने मच्छर दिवस पर आयोजित हुए कार्यक्रमों में लोगों को मच्छरों से बचाव के संबंध में उपयोगी जानकारी दी।