सादा वर्दी पहनना और मनमाने ढंग से कमर में पिस्टल लगाना अब प्रतिबंधित
ग्वालियर। सादा वर्दी में कमर में मनमाने ढंग से पिस्टल लगाकर रौब गाँठने वाले पुलिस अधिकारियों या कर्मचारियों की अब खैर नहीं। पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने एक आदेश जारी कर अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी है। उल्लेखनीय है कि पुलिस रेग्युलेशन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणवेश सरकारी हथियार धारण करने स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। बाबजूद इसके कुछ पुलिस अधिकारी, कर्मचारी स्टाइलिश होने के चक्कर में तय नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आते हैं। ऐसे ही अधिकारी-कर्मचारियों पर नकेल कसने अब पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने एक आदेश जारी कर उन्हें पुनः पुलिस रेग्युलेशन की याद दिलाई है। साथ ही सादा वर्दी पहनने को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं। आदेशानुसार ऐसे पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के बारे में रोजनामचा आम में अनिवार्य रूप से जिक्र करना होगा।